Singrauli News: सिंगरौली में कलेक्ट्रेट सहित सभी शासकीय भवनों एवं चिकित्सालयों का फायर ऑडिट कराने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

वर्षा से प्रभावित फसलों का राजस्व एवं कृषि विभाग सर्वे कर प्रस्तुत करें प्रतिवेदन: अंकित अस्थाना

 

सिंगरौली। कलेक्टर अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों एवं लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। 


कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाएं। 


विगत दिवस हुई वर्षा से संभावित फसल क्षति के संबंध में कलेक्टर ने एसडीएम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व एवं कृषि विभाग संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर पटवारी एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से प्रारंभिक सर्वे कराएं तथा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। 


उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपार्जन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने तथा समस्त एसडीएम को अपने क्षेत्रांतर्गत उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेने के निर्देश दिए।


राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी एसडीएम को नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन सहित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना के छूटे हुए प्रकरणों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने पर जोर दिया। 


शासकीय कार्यालयों में स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय, चिकित्सालय सहित अन्य शासकीय भवनों में स्थापित वाटर कूलरों की नियमित सफाई एवं पेयजल की शुद्धता की जांच कराने के निर्देश दिए। 


सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर अंकित अस्थाना ने विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि ऐसी शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जाए। 


कलेक्टर ने कहा कि समीक्षा बैठक के दौरान वे स्वयं किसी एक शिकायतकर्ता से सीधे संवाद कर उसकी समस्या की जानकारी लेंगे तथा संबंधित विभागीय अधिकारी को शिकायत के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश देंगे। 


बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सुरेश जाधव, नंदन तिवारी एवं देवेन्द्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, डिप्टी कलेक्टर सौरभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।