Singrauli News: सिंगरौली में 'सेना के सम्मान में, हम खड़े मैदान में' नारों के साथ निकली विशाल तिरंगा यात्रा
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम को नैतिक समर्थन देने के लिए किया गया आयोजन
सिंगरौली। आपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम को नैतिक समर्थन देने के लिए जिले मे सामाजिक सहयोग से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमें सभी का बढ़ चढ़कर सहयोग मिला तथा तिरंगा यात्रा का स्वरूप बड़ा ही व्यापक रहा।
राजमाता चून कुमारी स्टेडियम से निकली यह यात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए अंबेडकर चौक तथा तुलसी मार्ग के रास्ते जयस्तंभ चौक पर समाप्त हुई। हजारों लोग इस यात्रा मे सम्मिलित हुए तथा राष्ट्रीय गौरव तिरंगा झंडा हर किसी के हांथ मे था। प्रत्येक भागीदार बस एक ही नारा लगा रहा था कि सेना के सम्मान मे हम खड़े मैदान में।
पिछले दिनों आपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना एवं सीमा सुरक्षा बल ने अपने सामर्थ्य को दिखाते हुए चंद समय में पाकिस्तान के अंदर जो तांडव किया उससे पूरा विश्व स्तब्ध रह गया था।
पहलगाम के कायराना पूर्ण आतंकवादी गतिविधि के जवाब मे भारतीय सेना के तीनों अंगों ने जिस प्रकार सुनियोजित तरीके से पाकिस्तान में बिना प्रवेश किए जिस तरह पाकिस्तान की छाती पर प्रहार किया है वो भारतीय सेना की क्षमता और उसके सामर्थ्य को प्रतिबिंबित करता है। आज हर भारतीय अपनी सेना पर गर्व कर रहा है तथा उसके सम्मान मे ये तिरंगा यात्रा निकाल कर सेना के प्रति अपनी कृतज्ञता तथा सेना के हौसले को नमन कर रहा है।
आज इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से सर्वसमाज सिंगरौली भी जुड़ा और तिरंगा यात्रा निकाल कर सेना के रणबांकुरों को नमन किया तथा राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व निष्ठा व्यक्त की।
इस यात्रा में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कांत देव सिंह, जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, यात्रा के संयोजक व निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, विधायक रामनिवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, पूर्व विधायक राम लल्लू वैश्य, सुभाष वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, गिरीश द्विवेदी, मंडलो तथा मोर्चों के अध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त गायत्री परिवार सिंगरौली के कार्यकर्ता, स्वतंत्र समाज सेवा समिति के सदस्य, प्रयास फाउंडेशन के कार्यकर्ता, विभिन्न स्कूलों के संचालक तथा छात्र छात्राएं, सैकड़ों मुस्लिम समाज के कार्यकर्ता, व्यापक संघ के कार्यकर्ता, मजदूर संगठनों के कार्यकर्ता तथा सैकड़ों की संख्या मे महिला समूहों की कार्यकर्ताओं ने इस तिरंगा यात्रा मे सहभागिता की।