Shahdol News: शहडोल में बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का हुआ आयोजन 

जनजातीय समाज ने देश को आज़ादी व सामाजिक सुधार का संदेश दिया: मनीषा सिंह

 
जनजातीय नायकों ने किया जन-जागरण का कार्य: जयसिंह मरावी, गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ा रही है सरकार: हिमाद्री सिंह

शहडोल। कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनजातीय नायकों की शौर्यगाथा, त्याग, बलिदान एवं जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को भावपूर्ण स्मरण किया गया। 


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह, विशिष्ट अतिथि विधायक जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र मनीषा सिंह, विधायक जैतपुर विधानसभा क्षेत्र जयसिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, जिला योजना समिति की सदस्य अमिता चपरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष फूलमती सिंह तथा जनपद अध्यक्ष सोहागपुर हीरावती कोल ने भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन तथा माल्यार्पण कर किया। अतिथियों द्वारा विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति की कन्याओं का कन्या पूजन भी किया गया। 


इस अवसर पर आयुक्त शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता, कलेक्टर डॉ. केदार सिहं, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति, जनपद अध्यक्ष जयसिंहनगर मालती सिंह, जनपद उपाध्यक्ष सोहागपुर शक्ति सिंह, बुढ़ार हर्ष प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य जगन्नाथ शर्मा, अमित मिश्रा, संतोष लोहानी, भूपेन्द्र मिश्रा, सिल्लू रजक, अनिल द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


 कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और उनके स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्य मंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार सतत कार्यरत है। 


प्ररणादायक है जनजातीय नायकों की परंपरा 
विधायक मनीषा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज ने सदियों से संघर्ष, परिवर्तन और सृजनशीलता को अपने जीवन का आधार बनाया है। प्रकृति के संरक्षण, सामाजिक सुधार और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के लिए जनजातीय नायकों की परंपरा आज भी प्रेरणा देती है। 


अंग्रेजों के उत्पीड़न का प्रतिरोध कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जो आंदोलन जनजातीय नायकों ने चलाए, वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की नींव रहे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। छतवई के पास बरूका ग्राम में पर्यटन विभाग द्वारा होटल मैनेजमेन्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवा वर्ग स्वयं का व्यवसाय भी स्थापित कर सकेंगे। 


विधायक जैतपुर जयसिंह मरावी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, इतिहास और संस्कृति से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों के संघर्ष ने हमें आत्मसम्मान और स्वाभिमान का मार्ग दिखाया है। 


सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क निर्माण और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। 


पीएम के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण 
कार्यक्रम में गुजरात प्रदेश के नर्मदा जिले में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आलीराजपुर एवं जबलपुर में आयोजित कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण देखा एवं सुना गया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार, जिले भर से आए नागरिक, शासकीय अधिकारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों व स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पाण्डेय ने किया। आभार सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनन्द राय सिन्हा ने व्यक्त किया।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी गईं मनमोहक प्रस्तुतियां

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर में जिला स्तरीय 'जनजातीय गौरव दिवस' समारोह उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ग्राम पड़मनिया से आए विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के दल द्वारा शैला नृत्य की प्रस्तुति दी गई। शासकीय ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विचारपुर की छात्राओं ने जोहार, जोहार गीत के साथ लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। 


कन्या शिक्षा परिसर कटकोना के छात्राओं के दल ने हम आदिवासी री, शासकीय लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल के छात्राओं ने जेहर रखी तीर कमान, जनजातीय गीत एवं नृत्य, कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर की छात्राओं ने मा से माटी, गीत एवं नृत्य, एकलव्य आवासीय परिसर की छात्राओं ने जनजातीय नृत्य की प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा दी गईं।


 प्रस्तुतियों में जनजातीय संस्कृति, और अस्मिता की झलक देखने को मिली। एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्र ने स्वनिर्मित भगवान बिरसा मुण्डा की मूर्ति कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद हिमाद्री सिंह को भेंट किया।


अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह की मुख्य अतिथि सांसद संसदीय क्षेत्र शहडोल हिमाद्री सिंह एवं विधायक जयसिंह नगर मनीषा सिंह, विधायक जैतपुर जयसिंह मरावी, आयुक्त शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता ने भारत सरकार द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 


जिन शासकीय सेवकों को सम्मानित किया गया है उनमें डी. एम.टी. दिनेश चंद्र मिश्रा, एपीओ गोहपारू मनोज कुमार मिश्रा, एपीओ बुढार दिवाकर सिंह, एपीओ सोहागपुर रानी महोबिया, एपीओ जयसिंहनगर अनुराग निगम, एपीओ ब्यौहारी केपी सिंह के नाम शामिल हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


हितग्राहियों को वितरित किया गया हितलाभ

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर में आयोजित जिला स्तरीय  'जनजातीय गौरव दिवस' समारोह में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। 


'जनजातीय गौरव दिवस' समारोह की मुख्य आतिथ्य एवं सांसद संसदीय क्षेत्र हिमाद्री सिंह, विधायक जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र मनीषा सिंह, विधायक जैतपुर विधानसभा क्षेत्र जयसिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, आयुक्त शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता, कलेक्टर डॉ. केदार सिहं ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओ के पात्र हितग्राहियो को हितलाभ का वितरण किया। 


साइकिल वितरण योजना के तहत शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय छाता मे अध्ययनरत शुभ बैगा, कुमारी पार्वती बैगा, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संजीवनी स्व सहायता समूह कंचनपुर की सदस्य अनीता बैगा को 2 लाख 60 हजार रुपए का ऋण चेक, महिला बाल विकास विभाग के आश्वासन प्रमाण पत्र का वितरण निवेदिता बैगा, कान्या बैगा को, अनुदान आहार योजना के अंतर्गत पिंकी बैगा, रामबाई बैगा, मेधावी छात्र माधुरी टांडिया एवं शिवा सिंह को सम्मानित किया गया।


लगाई गई प्रदर्शनी 

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय संकृति से जनसामान्य को अवगत कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में जनजातीय समाज द्वारा उपयोग किया जाने वाले वाद्य, यंत्र अनाज, व्यंजन, मिट्टी के बर्तन, काष्ठकला तथा अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शित किए गए थे।


 जिला यूनियन दक्षिण वनमण्डल शहडोल द्वारा वनोपज एवं काष्ठ कला पर आधारित प्रदर्शनी, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा लगाई प्रदर्शनी में जनजातीय समाज द्वारा उपयोग किए जाने वाले वाद्ययंत्रों, मोटे अनाज, मिट्टी के बर्तन तथा परंपरागत रूप से उपयोग किए जाने वाले अस्त्र-शस्त्रों का प्रदर्शन किया गया था। 


महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जनजातीय समाज द्वारा उपयोग किए जाने वाले वनउपज पर आधारित व्यंजन तथा कुपोषण से मुक्ति दिलाने हेतु उपयोग किए जाने वाले पोषण आहार, को प्रदर्शित किया गया था। 


पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा दुधारू पशुपालन तथा प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया गया था। ग्रामीण आजीविका परियोजना के माध्यम से स्व सहायता समूहो द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया गया था।


 इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा के मार्गदर्शन में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर सिकल सेल, एनीमिया, ब्लड प्रेसर, मधुमेह आदि जैसी बीमारियों की नि:शुल्क जांच एवं उपचार की व्यवस्था की गई थी।