Shahdol News: त्योहारों पर शहडोल जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम: शांति समिति की आयोजित हुई बैठक 

सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

शहडोल। आगामी त्यौहारों मिलाद उन नबी, रक्षाबंधन, कजलियां, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, हरितालिका तीज, गणेश चतुर्थी और अनंत चतुर्दशी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर पार्थ जायसवाल की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सभी संप्रदायों से त्यौहारों को आपसी सौहार्द और परंपरा अनुसार मनाने की अपील की गई। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी की जाएगी और किसी भी तरह की भड़काऊ टिप्पणी करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।

 


बैठक में विधायक मनीषा सिंह ने प्रमुख नगरों में सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और विसर्जन स्थलों पर होम गार्ड के गोताखोर तैनात करने का सुझाव दिया। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने अधिकारियों को मिलाद उन नबी के जुलूस मार्ग की पूर्व सूचना लेने, सड़कों के गड्ढे भरने, आवारा मवेशियों को गौशाला पहुंचाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। नगर के सीसीटीवी चालू रखे जाएंगे और त्वरित संवाद के लिए पुलिस, प्रशासन व आयोजन समितियों का साझा व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा।

 


जन्माष्टमी के मटकी फोड़ कार्यक्रमों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। डीजे व लाउडस्पीकर पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा तय समय और डेसिबल सीमा का पालन अनिवार्य होगा, उल्लंघन पर ध्वनि यंत्र जब्त किए जाएंगे। वहीं पर्यावरण सुरक्षा के दृष्टिगत अपर कलेक्टर सरोधन सिंह ने प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों पर प्रतिबंध लगाते हुए केवल मिट्टी की मूर्तियों के उपयोग की बात कही।


बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, अपर कलेक्टर मिनिषा पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान, एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग, एसडीओपी राजेंद्र मोहन दुबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत ठाकुर, तहसीलदार दीपक पटेल, नगर निरीक्षक राघवेंद्र तिवारी, समिति सदस्य गोविंद सिंह, राजेश्वर उदानिया, रविन्दर सिंह गिल, लक्ष्मण गुप्ता, डॉ. परमानन्द तिवारी, सकिल खान, सुफियान खान और सांसद प्रतिनिधि प्रियम त्रिपाठी उपस्थित रहे।