Shahdol News: शहडोल कलेक्टर बने शिक्षक; बच्चों को पढ़ाया पाठ-पूछे प्रश्न, सटीक उत्तर मिलने पर हुए प्रसन्न
किताबी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों को शिष्टाचार-संस्कार भी सिखाएं शिक्षक: डॉ केदार सिंह
शहडोल। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार संचालित 'स्कूल चलें हम' अभियान (2026-27) के अंतर्गत जिले में 'भविष्य से भेंट' कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय मैकी में पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
कलेक्टर ने पूछे प्रश्न, सटीक उत्तर पर हुए प्रसन्न
इस दौरान कलेक्टर ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए कक्षा में अध्यापन कराया तथा विद्यार्थियों से विलोम शब्द, पर्यायवाची, पहाड़े एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए सटीक उत्तरों पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के बिना कुछ भी संभव नहीं है और विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा कड़ी मेहनत के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने चाहिए।
विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री
कलेक्टर ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों को शिष्टाचार और संस्कार भी सीखना चाहिए, यही उन्हें एक अच्छा नागरिक बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बैग, पेन, कंपास सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण भी किया और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग संजय पांडे, शाला की प्रधानाध्यापक जयश्री जायसवाल सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।