Shahdol News: शहडोल पुलिस लाइन में विजयादशमी पर जनप्रतिनिधियों एवं पशासनिक अधिकारियों नें किया शस्त्र पूजन

आत्मरक्षा, अन्याय और शोषण के विरुद्ध जंग का प्रतीक है शस्त्र-पूजन: हिमाद्री सिंह

 
कलेक्टर ने कहा- पराक्रम, शौर्य और साहस का प्रतीक है शस्त्र पूजन का पर्व 

शहडोल। शक्ति साहस एवं विजय के प्रतीक विजयादषमी दशहरा के अवसर पुलिस लाइन शहडोल में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह, विधायक जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र मनीषा सिंह, डीआईजी शहडोल जोन सविता सुहाने, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने मंत्रोच्चारण के साथ शस्त्र पूजन में भाग लिया तथा जिले वासियों को विजयादशमी पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर वाहनों की भी पूजा की गई।


सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि शस्त्र-पूजन हमारी प्राचीन परंपरा का हिस्सा है। शस्त्र आत्मरक्षा, अन्याय और शोषण के विरुद्ध जंग का प्रतीक है। शस्त्रों के भरोसे ही धर्म और देश की रक्षा की जा सकती है।

विधायक मनीषा सिंह ने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्र-पूजन का सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है, जो हिंदू सनातन परंपरा से जुड़ा हुआ है। यह व्यक्ति को उसके कर्तव्यों के प्रति जागरुक करता है और अधर्म के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है। 


कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कहा की शस्त्र पूजन का पर्व पराक्रम, शौर्य और साहस का प्रतीक है। यह हमें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान, पार्षद सिल्लू रजक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी शस्त्र पूजन किया।