Shahdol News: शहडोल में नगर परिषद खांड़ की उपयंत्री सुधा वर्मा 10 हजार रिश्वत लेते ट्रैप 

खेल मैदान निर्माण के बिल मूल्यांकन के बदले मांगे थे 20 हजार; शिकायत के बाद रीवा लोकायुक्त ने बिछाया जाल

 

शहडोल। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत लोकायुक्त रीवा ने शहडोल जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए नगर परिषद खांड बाणसागर की उपयंत्री सुधा वर्मा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।


यह है पूरा मामला 
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मेसर्स जे.के. अग्रवाल, निवासी पाण्डेन टोला, रीवा ने विगत 7 अप्रैल को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि नगर परिषद खांड के खेल मैदान में स्टेयर निर्माण कार्य का ठेका मिलने के बाद अंतिम भुगतान के लिए मूल्यांकन किया जाना था, लेकिन उपयंत्री सुधा वर्मा द्वारा 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। 


शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 9 अप्रैल को लोकायुक्त टीम ने नगर परिषद कार्यालय खांड देवलौंद, जिला शहडोल में जाल बिछाकर आरोपी उपयंत्री को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।


लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


12 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया के नेतृत्व में निरीक्षक एस. राम मरावी, उप निरीक्षक आकांक्षा शुक्ला, विपुस्था सहित 12 सदस्यीय टीम और स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे।


आमजन से अपील
लोकायुक्त संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना लोकायुक्त रीवा को मोबाइल नंबर 9893607619 पर दें।