Rewa News: सुपर स्पेशलिटी में किडनी ट्रांसप्लांट के बाद अब हुई ओपन हार्ट सर्जरी, रचा कीर्तिमान 

एक दिन में दो महिला मरीजों की हुई सर्जरी, पुणे से बुलाए गए थे कार्डिएक एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट 

 

रीवा। स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में सुपर स्पेशलिटी हर दिन नया कीर्तिमान रच रहा है। कुछ दिन पहले किडनी ट्रांसप्लांट किया तो अब दिल का ओपन हार्ट सर्जरी कर सब को चौंका दिया। यहां गंभीर बीमारियों का इलाज शुरू हो गया है। कुछ दिन पहले रीवा में ही किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेशन किया गया था। अब इसके बाद कार्डियक सीवीटीएस विभाग के डॉक्टरों ने फिर से नई उपलब्धि अपने नाम कर ली है। लंबे समय बाद यहां पर मरीजों की ओपन हार्ट सर्जरी शुरू हो गई है। करीब डेढ़ साल बाद यह मौका सुपर स्पेशलिटी के डॉक्टर की मिला। 

10 घंटे तक ऑपरेशन कर दो महिलाओं के दिल में फिर से जान फूंक दी है। इन दो महिलाओं के हार्ट का वाल्व खराब हो गया था, इसे डॉक्टर ने बदल दिया। बताया जा रहा है कि यहां सबसे बड़ी समस्या कार्डियक एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट की है। इसके कारण बड़े ऑपरेशन नहीं हो पा रहे थे। डिप्टी सीएम के पिछले दिनों निरीक्षण के बाद पुणे से खास तौर पर कार्डियक एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट को बुलाया गया।

दो मरीजों का ओपन हार्ट सर्जरी किया
सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में दो महिला मरीज ओपीडी पहुंची थीं। इन्हें ओपन हार्ट सर्जरी की जरूरत थी। हार्ट में ब्लॉकेज ज्यादा था। स्पंदन कम हो रहा था। इसके कारण इन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। शनिवार को दोपहर 4 बजे पहला ऑपरेशन शुरू किया गया। यह ऑपरेशन लगातार 5 घंटे तक चला। करीब 9 बजे ऑपरेशन खत्म हुआ। 


इसके बाद मरीज को आईसीयू में शिफ्ट किया गया। पहला ऑपरेशन खत्म होने के बाद दूसरे ऑपरेशन की भी तैयारी शुरू हो गई। शनिवार रविवार की रात करीब 3 से 4 बजे दूसरा ऑपरेशन शुरू किया गया। यह ऑपरेशन भी करीब 5 घंटे चला। दोनों ही ओपन हार्ट सर्जरी सफल रही। दोनों महिला मरीजों के दिल का वाल्व बदल दिया गया है। अब मरीज पहले से बेहतर कंडीशन में हैं और आईसीयू में भती हैं। डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

दोनों महिला मरीजों की उम्र कम है
सुपर स्पेशालिटी में जिन दो मरीजों का ओपन हार्ट सर्जरी किया गया, वह दोनों ही महिलाएं हैं। इनकी उम्र बहुत ही कम है। एक महिला मरीज की उम्र 32 वर्ष तो दूसरे की 33 वर्ष है। दोनों ही दिल की बीमारी से पीड़ित थीं और लंबे समय से परेशान चल रहीं थीं। ऑपरेशन के बाद अब दोनों मरीजों का दिल दोबारा पहले की तरह ही धड़कना शुरू कर दिया है। इन दोनों ऑपरेशन में ब्लड बैंक की महती भूमिका रही। एक ऑपरेशन में करीब 7 से 8 यूनिट ब्लड लगा। इसके अलावा श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर मनोज इंदुलकर ने ऑपरेशन की सफलता के लिए पूरा सहयोग किया। उन्होंने ही पुणे से डॉक्टर बुलाने में मदद की। उनके सहयोग से ही यह ऑपरेशन सफल हो पाया।

 सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में दो ओपन हार्ट सर्जरी की है। शनिवार को ऑपरेशन शुरु किया गया था। बाहर से कार्डिएक एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट को बुलाया गया था। यह हमारे संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि है।
-डॉ मनोज इंदुलकर डीन, श्याम शाह मेडिकल कॉलेज रीवा