MP Election 2023: भाजपा की चौथी सूची में रीवा के चार नाम, चारों सीटों में पुराने चेहरे

रीवा से राजेंद्र शुक्ल, देवतालाब से गिरीश गौतम, सिरमौर से दिव्यराज सिंह व मऊगंज से प्रदीप पटेल होंगे भाजपा उम्मीदवार

 

एमपी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने चौथी सूची जारी कर दी है। सोमवार को घोषित 57 सीटों की सूची में रीवा व मऊगंज जिले से 4 उम्मीदवारों का नाम शामिल किया गया है। जिसमें रीवा जिले की शहरी सीट से पीएचई एवं जनसंपर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, देवतालाब क्षेत्र से विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, मऊगंज विधानसभा से प्रदीप पटेल और सिरमौर विधानसभा से दिव्यराज सिंह को रिपीट किया है। जबकि अभी भी  सेमरिया विधानसभा, गुढ़ विधानसभा, त्योंथर विधानसभा व मनगवां विधानसभा सीट को होल्ड कर दिया गया है। 


पांचवी बार रीवा से राजेंद्र शुक्ल 
बता दें कि जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा विधानसभा सीट पर बीजेपी की टिकट से पांचवी बार चुनावी मैदान पर होंगे। वह साल 2003 से लगातार इस सीट से चुनाव जीत रहे हैं। साल २०१८ में राजेंद्र शुक्ल ने कांग्रेस के अभय मिश्र को चुनाव हराया था। हालांकि अभय मिश्र ने फिर से भाजपा का दामन थाम लिया है। 


देवतालाब से गिरीश गौतम रिपीट
विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम देवतालाब विधानसभा सीट से चौथी बार चुनावी मैंदान पर होंगे। साल २००३ में गिरीश गौतम मनगवां विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुने गए थे। तब उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता स्व. श्रीनिवास तिवारी को चुनाव हराकर प्रदेश की राजनीति में चर्चा में आए थे। बाद में आरक्षित सीट हो जाने की वजह से वह देवतालाब सीट पहुंचे और साल 2008 से लगातार तीन बार चुनाव जीतते रहे हैं। देवतालाब विधानसभा सीट भाजपा की परंपरागत सीट मानी जाती है।


सिरमौर से दिव्यराज पर भरोसा 
वहीं दिव्यराज सिंह सिरमौर विधानसभा सीट से तीसरी बार कमल के निशान पर चुनाव लडेंगे। रीवा राजघराने से ताल्लुक रखने वाले युवराज दिव्यराज सिंह ने साल २०१३ में अपना पहला चुनाव जीता था। जिसके बाद २०१८ में दूसरा चुनाव भी दिव्यराज सिंह जीते। अब वह तीसरी बार अपनी चुनावी रण में उतरे हैं। 


मऊगंज से प्रदीप पटेल प्रत्याशी 
नवगठित मऊगंज जिले की मऊगंज जिले के विधायक प्रदीप पटेल को बीजेपी ने पुन: टिकट दिया है। प्रदीप पटेल ने पहली बार 2018 में चुनाव जीता था। तब उन्होंने कांग्रेस के सिटिंग विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना को चुनाव हराया था। हालांकि इस बार मृगेंद्र सिंह भी इस सीट से भाजपा के प्रबल दावेदार बताए जा रहे थे लेकिन अंतत: पार्टी ने प्रदीप पर भरोसा जताया है।