Khajuraho Dance Festival: खजुराहो नृत्य महोत्सव 2024 में अदब खान ने बढ़ाया रीवा का मान

कत्थक नृत्य की प्रस्तुति देकर मोहा दर्शकों का मन 

 

रीवा। प्रदेश के खजुराहो में आयोजित 50 वें नृत्य महोत्सव मे रीवा की बेटी अदब खान ने भी कत्थक नृत्य में धमाल किया है घुंघरुओं से सुजज्जित पैरों की लय ताल से उसने सबका ध्यान अपनी ओर आकषित किया। ज्ञात हो कि यह पहला अवसर था जब खजुराहों में कत्थक का महाकुंभ सजा और इसमें रीवा जिले की बेटी अदब खान ने भी भाग लिया। इस महोत्सव में 1484 कत्थक कलाकारों ने एक साथ मनमोहक प्रस्तुति देकर गिनीज आफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया।

 उल्लेखनीय है कि महोत्सव में भाग लेने वाली अदब खान रीवा निवासी अकील खान की पुत्री और वरिष्ठ पत्रकार नियाज खान की पोती है उसने संगीत महाविद्यालय मैहर में शिक्षिका सपना नामदेव के मार्गदर्शन में कत्थक नृत्य की बारीकियां सीखते हुये प्रशिक्षण लिया था। मात्र 10 साल की अदब खान की नृत्य के प्रति बचपन से ही रुचि रही है वह विद्यालय में आयोजित होने वालेे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करती रही है। 

बता दें कि विश्व प्रसिद्ध खजुराहो नृत्य महोत्सव मध्य प्रदेश के खजुराहो में अपने उत्सव के 50वें वर्ष की शुरुआत कर रहा है, जो भारत की शास्त्रीय नृत्य विरासत के संरक्षण और प्रचार में एक मील का पत्थर है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को किया। यह आयोजन सांस्कृतिक उत्सवों के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।