Rewa News: रीवा में मनगवां के सथिनी गांव में महिला की हत्या

घर में घुसकर आरोपियों ने की वारदात, कमरे के अंदर मिली लाश

 

रीवा। बीती रात अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी। उस समय महिला घर में अकेले थी जिससे घटना के बारे में किसी को पता नहीं चला। शनिवार को  सुबह घर वालों ने लाश को देखा और पुलिस को सूचना दी। तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पाट में पहुंच गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। हत्याकारित करने वाले आरोपियों की पुलिस तलाश जुट गई है।


 बताया गया है कि एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुष्पा पटेल पति संजय पटेल 34 साल निवासी सथनी मनगवां बीती रात घर में अकेले थी। रात में पति को सांप ने काट लिया था जिस पर वह अपने दोस्त को बुलाकर इलाज कराने अस्पताल चला गया था और महिला घर में अकेले थी।


 रात को अज्ञात आरोपी घर में घुसे और महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। महिला की लाश को बिस्तर में ढक दिया था और फरार हो गए। रात में कोई भी घटना के बारे में नहीं जान पाया। शनिवार को सुबह परिवार के अन्य सदस्यों ने जब उसके घर का दरवाजा खुला देखा तो उनको संदेह हुआ। अंदर देखने पर महिला की लाश पड़ी हुई थी। 


बताया गया है कि उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। महिला की लाश को आरोपियों ने बिस्तर में ढक दिया था। पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए डाग स्क्वाड की मदद ली लेकिन उनके बारे में कुछ भी पता नहीं चला। पुलिस ने स्पॉट का मुआयना कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है।


चोरी करने वाले आरोपियों पर हत्या करने का आरोप
उक्त महिला की चोरी करने वाले आरोपियों के द्वारा हत्याकारित करने का संदेह व्यक्त किया गया है। रात में कोई अज्ञात चोर घर के अंदर घुसा था जिसने पेटियों को तोड़ा और उसमें रखा सामान ले गया। महिला की नींद खुल गई थी जिस पर महिला की हत्या कर दी। पति ने चोरी के आरोपियों के द्वारा हत्याकारित करने का संदेह व्यक्त करके पुलिस की भी नींद उड़ा दी। पुलिस ने सारी संभावनाओं के आधार पर आरोपियों की पतासाजी करने में लगी है।


पति-पत्नी के बीच होता था झगड़ा
गांव में पूछतांछ में पुलिस को पता चला है कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। उनकी शादी कुछ साल पहले हुई थी। शादी के बाद से अक्सर उनके बीच विवाद की स्थिति निर्मित होती थी जिसकी जानकारी घर के दूसरे सदस्यों केा भी थी। हालांकि विवाद की असली वजह स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाई है।


इनका कहना है-
एक महिला की शनिवार को घर के अंदर लाश मिली है। रात में किसी ने घर में महिला की हत्या की है। पति ने चोरों पर हत्या करने का संदेह व्यक्त किया है। स्पॉट का मुआयना कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया गया है।
-विवेक लाल, एएसपी रीवा