Rewa News: रीवा में महिला की मौत पर बवाल, हत्या का आरोप

लालगांव चौकी क्षेत्र से उपचार के लिए लाया गया था अस्पताल, पुलिस ने घटना को जांच में लिया

 

रीवा। संदिग्ध हालातों में महिला की मौत पर आज बवाल मच गया। घटना से हड़कंप की स्थिति बन गई। पहले पुलिस को सर्पदंश से मौत की जानकारी दी गई थी लेकिन अब परिजन हत्या का सनसनीखेज आरोप लगा रहे है। सूचना पर तुरंत पुलिस अस्पताल पहुंची और घर वालों को समझा-बुझाकर शांत किया है। महिला की मौत के वास्तविक कारण ज्ञात नहीं हो पाए है। 


बताया गया है कि महिला की मौत पर आज हंगामे की स्थिति बन गई। लालगांव चौकी क्षेत्र की महिला रहने वाली है जिनकी एक दिन पहले सुबह घर में संदिग्ध हालातों में लाश मिली थी। सुबह घर वालों ने उनको मृत अवस्था में पड़े देखा जिसकी सूचना पुलिस को दी। आनन-फानन में पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। 


पैर में सांप के काटने के निशान थे जिसकी वजह से सर्पदंश से मौत होने की बात सामने आई थी। बाद में घर वालों ने महिला की मौत पर हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला के कपड़े अस्तव्यस्त थे।


बताया गया है कि घर वालों ने लाश का गंगेव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया जिसकी वजह से आज लाश को पोस्टमार्टम के लिए एसजीएमएच लाया गया है। अस्पताल में हत्या का आरोप लगाकर काफी देर तक घर वाले हंगामा करते रहे। लालगांव चौकी की पुलिस भी अस्पताल में थी।


पुलिस ने घर वालों को काफी समझाने का प्रयास किया जिसके उपरांत वे पोस्टमार्टम करवाने को राजी हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है। घर वालों ने घटना में देवर के दोस्तों के भी शामिल होने का आरोप लगाया है। 


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आएंगे कारण
महिला की मौत के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चलेंगे। पैर में सांप काटने के निशान थे जो सही है या फिर हत्या के बाद निशान बनाए गए है इस बारे में सही जानकारी नहीं मिल पाई है। डाक्टरों की टीम ने अस्पताल में लाश का पोस्टमार्टम कराया है। अभी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं मिली है जिसकी वजह से मौत के कारण पता नहीं चल पाए है।


दोनों परिवारों में था जमीनी विवाद
दोनों परिवारों में जमीनी विवाद भी काफी समय से चल रहा है। पुस्तैनी सम्पत्ति के हिस्साबांट को लेकर विवाद चल रहा था जिसकी वजह से कई बार परिवार के बीच विवाद हो चुका है। घटना उसी विवाद की वजह से की गई है या फिर अन्य कोई कारण था इस बारे में पतासाजी के प्रयास किए जा रहे है।


इनका कहना है -
एक महिला की संदिग्ध हालातों में घर में लाश मिली है। वे कमरे के अंदर मृत हालत में पड़ी थी। पहले हमको सर्पदंश की सूचना दी गई थी। घटना को विवेचना में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के उपरांत मौत के सही कारण पता चल पाएंगे।
- प्रशांत शुक्ला, चौकी प्रभारी लालगांव