Rewa News: रीवा के रेलवे स्टेशन में अघोषित ऑटो पार्किंग ने बढ़ाई मुश्किलें, ट्रेन आने पर गेट में लगती है भीड़
कार्रवाई से हाथ खड़े कर रहे जिम्मेदार, अव्यवस्था से फैली अराजकता
रीवा। रेलवे स्टेशन परिसर में ऑटो चालकों के मनमानी की वजह से यात्रियों को अच्छी खासी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन में ऑटो पार्किंग अवस्थित ढंग से हो रही है। ट्रेन पर पूरे गेट में ऑटो खड़े हो जाते हैं जिसकी वजह से यात्रियों का निकलना मुश्किल हो जाता है। जिन पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी है वे एक दूसरे पर टालमटोल कर रहे हैं। यही कारण है कि यहां पर अवस्था का आलम दूर होने का नाम नहीं ले रहा।
बताया गया कि रेलवे स्टेशन में ऑटो चालकों की मनमानी की वजह से यात्रियों को खासी मुसीबत उठानी पड़ रही है। रेलवे स्टेशन में ऑटो पार्किंग के लिए एक बड़ा मैदान निर्धारित किया गया है जिसमें ऑटो चालकों को खड़े होने के लिए हिदायत दी गई है लेकिन ऑटो चालक मनमानी पर उतारू है और पूरे परिसर में अवस्थित ढंग से वहां खड़ा करते हैं।
जब कोई ट्रेन आती है तो ऑटो चालक अपने वाहनों को लेकर गेट में आकर खड़े हो जाते हैं। पूरे गेट में ऑटो की भीड़ लग जाती है और रेलवे स्टेशन से निकलने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां पर अवस्थित ऑटो पार्किंग की व्यवस्था को सुधारने के लिए तमाम प्रयासों में खानापूर्ति की जा रही है।
बताया गया है कि ऑटो निर्धारित स्थल पर खड़े नहीं होते हैं जिसकी वजह से पूरे परिसर में अवस्था मची हुई है। अधिकारियों द्वारा जिस तरह इसे नजरअंदाज किया जा रहा है उससे समस्या शीघ्र दूर होने का नाम भी नहीं ले रही है। रेलवे स्टेशन में सवारियों को बैठने के चक्कर में ऑटो चालक यात्रियों का सामान खींचते है जिसकी वजह से कई बार उनका सामान छूट जाता है और चालक उसे लेकर भाग जाते है। इस तरह की अराजकता से प्रतिदिन यात्रियों का सामना होता है।
जीआरपी व आरपीएफ ने खड़े किए हाथ
रेलवे स्टेशन में अवस्थित ऑटो पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई के लिए जीआरपी व आरपीएफ ने हाथ खड़े कर दिए हैं। जीआरपी और आरपीएफ पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशन के बाहर का पूरा क्षेत्र सिटी में आता है और वहां शहरी थानों की पुलिस कार्रवाई करेगी। हमारी जिम्मेदारी से प्लेटफार्म में है।
वहीं शहर की पुलिस इसमें कार्रवाई नहीं कर रही है जिसकी वजह से समस्या यथावत बनी हुई है। पूर्व में यहां पर चोरहटा थाने से कर्मचारी की ड्यूटी लगती थी लेकिन उसके बाद यहां से थाने का कर्मचारी हटा दिया गया। अब ऑटो चालकों को मनमानी करने की छूट मिल गई है।
रेलवे स्टेशन प्रबंधक लिख चुके हैं पत्र
रेलवे स्टेशन में मनमानी ऑटो पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए रेलवे स्टेशन प्रबंधक पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख चुके हैं और यहां पर उन्होंने मनमानी तरीके से ऑटो खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी लेकिन पुलिस ने उनके पत्र को गंभीरता से नहीं लिया और समस्या पूर्व की तरह ही यहां पर बनी हुई है। यातायात पुलिस एक दिन यहां पर कार्रवाई करने के लिए नहीं आई और न ही यहां पर ट्रैफिक का कोई पॉइंट लगता है।
सामान खींचने लगते हैं ऑटो चालक
रेलवे स्टेशन में ऑटो की वजह से इस कदर अराजकता हावी है कि वे प्लेटफार्म के अंदर पहुंचकर यात्रियों का सामान खींचने लगते है। इसमें कुछ बदमाश प्रवृत्ति के ऑटो चालक होते है जो यात्रियों का सामान लेकर भाग जाते है। प्लेटफार्म से ऑटो चालकों को दूर रहने के लिए कई बार बोला गया लेकिन उनके द्वारा उसे गंभीरता से नहीं लिया गया है।
इनका कहना है-
रेलवे स्टेशन में अवस्थित ऑटो पार्किंग होती है। इसके लिए पूर्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय को पत्र लिखा गया था। ऑटो पार्किंग के लिए अलग से स्थान निर्धारित किया गया है।
- सतेंद्र सिंह बघेल, रेलवे स्टेशन प्रबंधक