Rewa News: रीवा में लोन दिलाने का झांसा देकर दो दर्जन महिलाओं से 78 लाख रुपए की ठगी

पुलिस अधीक्षक कार्यालय मेें फरियाद लेकर पहुंची पीड़ित महिलाएं, शातिर दिमाग महिला का कारनामा

 

रीवा। एक शातिर दिमाग महिला ने दूसरी महिलाओं का फ्राड का शिकार बनाया।  उनको एक समिति से लोन दिया और दूसरी समिति से उनके नाम पर लोन स्वीकृत करवाकर राशि को हजम कर लिया। पीड़ित महिलाएं इस प्रकरण की फरियाद लेकर पुुलिस अधीक्षक कार्यालय आई थीं। उन्होने एसपी को ज्ञापन सौंपा है और आरोपी महिला के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। 


बताया गया है कि लोन दिलाने के नाम पर एक महिला ने कई महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया है। बांसघाट थाना सिविल लाइन में रहने वाली महिलाओं को आरोपी मंजू सिंह ने लोन दिलाने कर झांसा दिया था। महिला ने उनकी पहले मदद की और उनका विश्वास जीत लिया। 


इसके बाद महिलाओं को जब उस पर विश्वास हो गया तो उसने लोन दिलवाने का झांसा दिया। एक सोसायटी से उनको लोन दिया और उनके नाम पर दूसरी समिति से भी लोन निकाल लिया। महिलाओं ने बतौर गारंटी यह रकम अपने होने की बात कही थी लेकिन अब वह सारा पैसा समेटकर भागने की फिराक में है।


 बताया गया है कि दो दर्जन के  लगभग महिलाएं उसके फ्रॉड का शिकार हुई हैं। दैनिक गुड मॉर्निंग के मुताबिक उन सभी के नाम पर आरोपिया ने लोन लिया और बाद में अब राशि लेकर भागने की फिराक मे है। इस बारे में जब पीड़ि़त महिलाओं को जानकारी हुई तो वे शिकायत लेकर पुलिस कप्तान के ऑफिस आई और उन्होंने आरोपी महिला के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। उक्त महिला के पास ठगी के रूप में बड़ा अमाऊंट है और रुपए उसने उनके नाम पर लोन निकलवाया है जिसे अब उनको भरना पड़ेगा।


कई महिलाएं हुई फ्रॉड का शिकार
बांसघाट मोहल्ले की कई महिलाएं फ्रॉड का शिकार हुई हंै। इन महिलाओं के नाम पर उसने कई समितियों से लोन निकलवाया है। इन महिलाओं में शांति, सपना, प्रतिमा, हेमा, कुसुम, साधना रैकवार, आशा यादव, सविता दाहिया, अदा श्रीवास्तव, पूर्णिमा सिंह, कुमकुम, ललिता, रानी चौरसिया, सुधा आदि महिलाएं है। ये महिलाएं अब उसके विरुद्ध कार्रवाई के लिए चक्कर काट रही है। 


इनका कहना है-
महिलाओं ने ठगी होने की बात कही है। एक महिला ने लोन दिलाने के नाम पर उनके साथ फ्रॉड किया है। उनके नाम पर दूसरी समितियों से भी लोन लिया गया है। पूरे प्रकरण को विवेचना में लिया गया है। जांच उपरांत आरोपी महिला के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। 
-अनिल सोनकर, एएसपी रीवा