Rewa News: रीवा से बहुत जल्द रामपुर नैकिन तक दौड़ेगी ट्रेन, पीसीईई ने किया निरीक्षण
ट्रेन संचालन को लेकर पमरे की तैयारियां अंतिम दौर में, विद्युत व्यवस्था की हुई जांच
रामपुर नैकिन से चुरहट तक लिया गया जायजा, दीवाली से पहले ट्रेन चलाने की तैयारी
रीवा। दीवाली से पहले रामपुर नैकिन तक ट्रेन दौड़ाने की तैयारी हो चुकी है। इसी तारतम्य में पश्चिम मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर मुकेश अग्रवाल ने रविवार को ट्रैक का निरीक्षण किया। रीवा से सीधी जिले को ट्रेन के माध्यम से जोड़ने का प्रयास रेलवे के अधिकरी कई दिनों से कर रहे है।
बताया गया है कि रीवा की दो ट्रेनों को रामपुर नैकिन तक बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे के अधिकारी व्यवस्था बनाने में लगे है। उसी कड़ी में जबलपुर रेलखंड के पीसीईई ने रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया है। बीती रात वे वंदेभारत ट्रेन से रीवा आए थे और रविवार सुबह वे ट्रैक की विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए रवाना हुए। उन्होंने रीवा से रामपुर नैकिन और फिर चुरहट तक ट्रैक की विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया।
बताया गया है कि वे अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियां को भेजेंगे जिसके उपरांत ट्रेन चलाने को स्वीकृति मिल सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि रेलवे दो ट्रेनों को रामपुर नैकिन तक विस्तार कर सकता है। इसमें रेवांचल और बिलासपुर ट्रेन शामिल है। दोनों ट्रेन रीवा आने के उपरांत रामपुर नैकिन के लिए रवाना हो जाएगी और वहां से सवारी लेकर दोपहर वापस लौटकर आएगी। इससे सीधी जिले के यात्रियों को काफी मदद मिलेगी।
जल्द मिल सकती है ट्रेन को स्वीकृति
रेलवे जिस तरह से सीधी रुट में ट्रैक की व्यवस्था करने में लगा है उससे जल्द ट्रेन को स्वीकृति मिलने की उम्मीद जताई जा रही हे। अभी सीधी जिले में रेलवे स्टेशन का काम पूरा नहीं हुआ है। उसमे अभी डेढ़ से दो साल का समय लगने की संभावना है। इसकी वजह से रेलवे अभी रामपुर नैकिन या चुरहट तक ट्रेन चला सकता है। इसके लिए जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।