Rewa News: 12 घंटे बाद खुला जाम, 7 किमी तक लगी रही वाहनों की कतार
चोरहटा बायपास में बीती शाम लगा था जाम, लोग बैरंग लौटे
रीवा। बीती शाम बायपास में लगा जाम पूरी रात यथावत रहा। रात भर वाहन अपने स्थान पर खड़े रहे और वाहनों के पहिए थमे रहे जिसकी वजह से लंबी कतार लग गई थी। आज सुबह तक जाम लगा हुआ था। किसी तरह पुलिस को जाम खुलवाने में सफलता मिली जिसके उपरांत एक-एक करके सारे वाहनों को निकलवाया गया है।
बताया गया है कि चोरहटा बायपास में लगे जाम ने पुलिस की हालत खराब कर दी। यहां पर ओवरब्रिज बना रही कंपनी ने कच्चा डायवर्जन मार्ग दिया हुआ है। बारिश में पूरी सड़क बह गई और कीचड़ भर गया जिसकी वजह से ट्रक नहीं निकल पा रहे थे। एक दिन पहले हुई मुसलाधार बारिश के बाद सड़क कीचड़ फैल गया था जिसकी वजह से शाम को जाम लग गया। ट्रक डायवर्जन मार्ग से नहीं निकल पा रहे थे। सूचना तुरंत पुलिस पहुंची लेकिन जाम खुलवाने सफलता नहीं मिली। रीवा सतना मार्ग पूरी तरह से बाधित रहा और एक मोटर साइकिल निकालने तक के लिए जगह नहीं थी।
बताया गया है कि 12 घंटे से अधिक समय तक जाम लगा हुआ था। सुबह कुछ लोगों को सतना जाना था जिनकी ट्रेन सतना से थी। वे चोरहटा के आगे जाम के कारण नहीं बढ़ पाए और उनको ट्रेन छोड़नी पड़ गई। सुबह 9 बजे के आसपास किसी तरह से जाम खुला जिसकी वजह से एक-एक करके वाहन निकल पाए। सात किमी लंबी वाहनों की कतार को निकालने में भी दो घंटे से ज्यादा का समय लग गया था।
एक दिन पूर्व खाली गई ट्रेने, नहीं पहुंच पाए यात्री
एक दिन पहले रीवा से जाने वाली सारी ट्रेने खाली गई है। चोरहटा मार्ग जाम था और बड़ी पुल के ऊपर भीषण जाम लगा हुआ था जिसकी वजह से अधिकांश यात्री रेलवे स्टेशन तक पहुंच ही नहीं पाए। इतवारी, आनंद विहार, रेवांचल सहित अन्य ट्रेनों के यात्री परेशान रहे। इन ट्रेनों की आधे से अधिक सीटें खाली थी। मुश्किल से तीस से चालीस फीसदी लोग ही किसी तरह रेलवे स्टेशन पहुंच पाए थे।