Rewa News: भीषण बारिश ने रीवा शहर में मचाई तबाही, बाढ़ से घिरे मोहल्ले, घरों में घुसा पानी
मुसलाधार बारिश से बीहर का बढ़ा जलस्तर, उन्नत पुल डूबने की कगार पर
रीवा। मुसलाधार बारिश से शहर में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गई है। रात से ही बारिश शुरू हो गई थी और बाद में तीन से चार घंटे इतनी मुसलाधार बारिश हुई जिसने पूरे शहर में हाहाकर मचा दिया। बारिश का पानी नालियों से नहीं निकल पा रहा था जिसकी वजह से सड़कों में पानी भर गया। हालत यह थी कि कई मोहल्ले में लोगों के घर पानी में डूबने लगे। घुटने भर तक पानी मोहल्लों में भरा हुआ था। शहर की जीवनदायिनी बीहर नदी तो मानो रौद्र रूप धारण कर चुकी थी। बीहर नदी का जलस्तर सुबह दस बजे के बाद इतनी तेजी बढ़ा कि छोटी पुल डूबने की कगार पर पहुंच गई। बीहर नदी के किनारे स्थित ईको पार्क में पानी घुस गया था। बारिश की वजह से हालात मोहल्लों में बदतर हो गए।
बताया गया है कि शहर के नेहरु नगर, इंदिरा नगर, सिरमौर चौराहा, बोदाबाग, निराला नगर, धोबिया टँकी, गुढ़ चौराहा, ढेकहा, शांति विहार कालोनी सहित कई इलाकों में पानी भर गया था। पानी भरने लोगों के घरों का सामान बर्बाद हो गया। बीहर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है जो खतरनाक हो सकता है। बीहर के किनारे बसे कबाड़ी मोहल्ला, बिछिया, शांति विहार कालोनी, एजी कालेज, घोघर, निपनिया सहित अन्य मोहल्ले काफी ज्यादा प्रभावित हो रहे है।
तमाशबीनों से बढ़ी समस्या, लगा जाम
बाढ़ का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या तमाशबीन पहुंच रहे है। बीहर नदी के छोटी पुल और बड़ी पुल में तमाशबीन एकत्रित थे। लोग गाड़ियां सड़क पर खड़ा कर बाढ़ देख रहे थे जिसकी वजह से भीषण जाम लगा हुआ था। दोपहर बारह बजे तक शांति विहार कालोनी मोड़ के पास सड़क पर पानी भर गया था जिसकी वजह से मुख्य मार्ग में ही आवागमन रुक गया और लंबा जाम लगा हुआ था। पूरा ट्रैफिक बड़ी पुल में डायवर्ट होने की वजह से उधर भी जाम लग गया था।
रतहरा में लोगों ने किया चक्का जाम
बारिश की वजह से कई मोहल्ले पूरी तरह सेे जलमग्न थे। रतहरा के पास काफी पानी लोगों के घरों में घुस गया था और लोग पानी निकालने और अपना सामान बचाने की जद्दोजहद करते रहे। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो नाराज लोगों ने रतहरा में चक्का जाम कर दिया जिसकी वजह से टै्रफिक रुक गया था। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। नगर निगम की जेसीबी मशीन आई जिसने पानी निकासी का मार्ग बनाया।
बांधों का बढ़ा जल स्तर, बिगड़े हालात
नदियों में बांधों की वजह से जलस्तर बढ़ रहा है। बांध भर गए है और उनके गेट खोल दिए गए है जिसकी वजह से पानी निकाल रहा है और वह नदियों में मिलकर तबाही मचा रहा है। बताया गया है कि बकिया बराज के पूरे 12 गेट खोल दिऐ गए है। उससे 2250 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसकी वजह से टमस और बीहर का जलस्तर बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर बीहर बराज 18 गेट खोले गए है और उससे 1317 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। मेजा बांध यूपी के 5 गेट अैर अंदवा बांध 2 गेट खुले हुए है जिनसे लगातार पानी निकल रहा है। यूपी के बांधों के कारण त्योंथर क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है।
गोविन्दगढ़ मार्ग बंद, पानी बिछिया पुल के ऊपर
भीषण बारिश की वजह से रीवा गोविन्दगढ़ मार्ग बंद हो गया है। बिछिया पुल के ऊपर से पानी बह रहा है जिसकी वजह से इस मार्ग को रोक दिया गया है और यहां पर पुलिस तैनात हो गई है। बिछिया नदी के किनारे बसें लोगों के घरों में पानी भरा हुआ है। जो लोग पानी में फंस गए थे उनको प्रशासन ने किसी तरह से सुरक्षित बाहर निकाला है। इस तरह करहिया मार्ग में भी बीहर नदी का पुल डूबा हुआ है। यदि इसी तरह का जलस्तर बढ़ता रहा तो हालत चिंताजनक हो जाएंगे।
एसपी कार्यालय व महिला थाना डूबा
बाढ़ से खुद पुलिस भी नहीं बच पाई थी। झिरिया नाला में पानी बढ़ने के बाद एसपी कार्यालय के अंदर पानी घुस गया था। पुलिसकर्मियों ने नीचे के आफिस में रखे रिकार्ड को हटाकर दूसरी मंजिल में रखा था ताकि वे खराब न हो। वहीं महिला थाने के आसपास भी काफी पानी भरा हुआ था और पुलिसकर्मी थाने तक बड़ी मुश्किल से पहुंच पाए। मटन मार्केट भी पूरी तरह से पानी से भरा हुआ था और दुकानदार अपना सामान बाहर निकालने में व्यस्त रहे।