Rewa News: रीवा नगर निगम की टीम ने लगाई ऐड़ी-चोटी, प्रभावितों तक पहुंचाई हर संभव मदद 

आयुक्त निर्देश पर बाढ़ प्रभावितों को नाश्ता एवं भोजन के 600 पैकेट का किया गया वितरण

 

रीवा। शहर भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति सामान्य होने के बावजूद नगर निगम की टीम लगातार सक्रिय रही। बाढ़ राहत शिविरों के 6 केंद्रों में नगर निगम की टीम द्वारा लगातार राहत व बचाव कार्य किए जा रहे हैं।


वितरित किए गए भोजन के 600 पैकेट

निगमायुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर 13 जुलाई को राहत शिविरों में ठहरे लोगों के लिए तथा बिछिया नदी के आसपास, निपानिया एवं खैरी बस्ती के बाढ़ प्रभावित रहवासियों को सुबह नाश्ता एवं दोपहर में भोजन के 600 पैकेट वितरित किए गए।


लगातार किया जा रहा कीटनाशक का छिड़काव 

साथ ही शहर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वर्षा का पानी कम होने के बाद लगातार कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि बारिश के मौसम में फैलने वाली बीमारियों से नागरिकों को सुरक्षित रखा जा सके एवं मच्छरों के लार्वा नष्ट कर डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों को रोका जा सके। 


नगर निगम स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके अतिरिक्त, नगर निगम का बाढ़ राहत कंट्रोल रूम निरंतर सक्रिय है, जहां नगरवासियों की शिकायतों को संज्ञान में लेकर अधिकारियों द्वारा जल निकासी एवं राहत कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं। 


 जेसीबी से कर रही जल निकासी 

अब तक कंट्रोल रूम में 104 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें नगर निगम की टीम रसिया मोहल्ला, कैलाशपुरी, वार्ड 40, वार्ड 26, वार्ड 10 एवं अन्य क्षेत्रों में जेसीबी के माध्यम से जल निकासी का कार्य लगातार कर रही है। निगमायुक्त ने बताया कि नगर निगम के सभी विभाग निर्माण, राजस्व, जल प्रदाय एवं स्वच्छता की टीमें लगातार कार्यरत हैं एवं नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रही हैं।