Rewa News: रीवा- रायपुर विमान सेवा 15 मार्च से
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने दी जानकारी; विंध्य और छत्तीसगढ़ के बीच बढ़ेगा संपर्क
रीवा। विंध्य क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित रीवा–रायपुर विमान सेवा आगामी 15 मार्च से शुरू होगी। यह जानकारी मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रविवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से विंध्य और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि रीवा और शहडोल संभाग के अंतर्गत आने वाले जिले—रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर—के बड़ी संख्या में लोग रायपुर और बिलासपुर में निवास करते हैं। पारिवारिक, सामाजिक और व्यावसायिक कारणों से इन शहरों के बीच लगातार आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में विमान सेवा शुरू होने से यात्रियों का समय बचेगा और सफर अधिक सुविधाजनक हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एलाइंस एयरवेज और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से उनकी बातचीत हुई है।
उन्होंने बताया कि रायपुर और बिलासपुर के साथ रीवा के मजबूत व्यापारिक संबंध हैं। खनिज, कृषि और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के कारण दोनों क्षेत्रों के बीच आर्थिक संपर्क लगातार बढ़ रहा है। नई विमान सेवा से उद्योग, व्यापार और निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। रीवा एयरपोर्ट से शुरू हो रही यह सेवा विंध्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
विमान सेवा की घोषणा से विंध्य क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से इस मांग को लेकर प्रयास किए जा रहे थे। अब 15 मार्च से रीवा और रायपुर के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित होने जा रहा है, जिससे दोनों राज्यों के बीच रिश्ते और अधिक प्रगाढ़ होंगे।