Rewa News: रीवा नगर निगम ने शुरू की इलेक्ट्रिक वाहन सेवा
मध्यप्रदेश का पहला नगर निगम बना रीवा, अब अधिकारी चलेंगे इलेक्ट्रिक वाहनों से
रीवा। नगर निगम रीवा ने एक विशेष पहल करते हुए आज से एक नया अध्याय शुरू किया। निगम रीवा ने हरी झंडी दिखाकर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) सेवा का शुभारंभ किया। स्वच्छ और हरित परिवहन की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, नगर निगम रीवा ने 10 अक्टूबर से इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन प्रारंभ किया है।
महापौर अजय मिश्रा 'बाबा', निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय एवं निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे की उपस्थिति में निगम में कार्यरत कार्यालय सहायक रामशिरोमणि सेन को हरी झंडी दिखाने का अवसर प्रदान किया गया, जिसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन प्रारंभ हुआ।
निगम ने नए टेंडर के माध्यम से कुल 16 इलेक्ट्रिक वाहनों को किराए पर लिया है, जो विभिन्न शाखाओं एवं विभागों में उपयोग किए जाएंगे। विशेष बात यह है कि प्रदेशभर में रीवा नगर निगम पहला निगम बना है, जिसने अपने नियमित प्रशासनिक कार्यों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग प्रारंभ किया है।