Rewa News: रीवा कलेक्टर ने कहा- पंचायतें वाल्व ऑपरेटरों को समय पर वेतन दें और कार्य कराएं

नलजल योजना की संचालन और संधारण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत उठाएं: प्रतिभा पाल 

 

रीवा। कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि समूह नलजल योजनाओं का कार्य जिन ग्रामों में पूरा हो गया है वहां हर घर में नल का कनेक्शन देकर पानी की प्रतिदिन आपूर्ति कराएं। जिन गांवों में अभी भी कनेक्शन शेष है वहाँ 15 दिवस में सभी घरों में कनेक्शन करा दें। पानी की नियमित आपूर्ति के साथ जल कर की भी वसूली करें।


 जल जीवन मिशन का सहयोग करें
 नलजल योजनाओं के संचालन और संधारण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतें उठाएं। ग्रामवासियों को पेयजल की आपूर्ति ग्राम पंचायत की ही जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की कठिनाई आने पर जल जीवन मिशन की एजेंसी ग्राम पंचायतों को पूरा सहयोग करे।


लापरवाही बरतने वाले को नोटिस 
कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में जलजीवन मिशन द्वारा नल जल योजना की पाइप लाइन की जियो टैगिंग करके नक्शे उपलब्ध कराए गए हैं। ग्राम पंचायत में कोई भी निर्माण कार्य शुरू होने से पहले उपयंत्री इन नक्शों को अवश्य देखें। कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नलजल योजनाओं के संचालन में लापरवाही बरतने पर नोटिस देने के निर्देश दिए।


 मंथवार प्रगति की बनाएं कार्ययोजना 
कलेक्टर ने कहा कि बाणसागर समूह नलजल योजना तथा टमस समूह नलजल योजना के कार्य में तेजी लाएं। टमस समूह नलजल योजना के निर्माण कार्यों की प्रगति धीमी रहने पर कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई। कलेक्टर ने कहा कि टमस समूह नलजल योजना का कार्य 31 मार्च 2026 तक पूरा होना है। इसकी मंथवार प्रगति की कार्ययोजना बनाएं। उसके अनुरूप प्रगति न होने पर निर्माण एजेंसी के विरुद्ध कार्यवाही करें। 


ये रहे उपस्थित
बैठक में जल जीवन मिशन के जिला प्रबंधक चित्रांशु, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अधीक्षण यंत्री विद्युत मण्डल बीके शुक्ला, नीतेश सिंह, जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।