Rewa News: देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 600 लोगों को निकाला

एसडीआरएफ आपदा में बनी देवदूत, बाढ़ में फंसे लोगों तक पहुंचाई राहत

 

रीवा। शहर में आई भीषण बाढ़ के बीच एसडीआरएफ देवदूत बनकर सामने आई है। एसडीआरएफ जवानों ने देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन किया और जो लोग बाढ़ में फंसे थे उनको सुरक्षित बाहर निकाला है। कई मोहल्लों में पानी भरा हुआ हे जिसकी वजह से लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया है। 


बताया गया है कि शहर में आई भीषण बाढ़ का कहर देर रात तक चलता रहा। बारिश की वजह से कई मोहल्लों में पानी भर गया था। झिरिया में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। मोहल्ले में झिरिया पुल से काफी पानी आ गया था जिसकी वजह से दस से पन्द्रह फिट पानी के बीच लोग बाढ़ में फंस गए थे। यहां पर रात में रेस्क्यू ऑपरेशन चला। करीब 600 लोगों को मोहल्ले से बाहर निकाला गया है जो पानी से घिर गए थे। सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाया गया है। इसके अतिरिक्त विहार हास्पिटल के पीछे रहने वाला एक परिवार फंसा हुआ था। 6 लोग अंदर फंस गए थे जिसमें बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल थी। रात में यहां पर भी एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन किया और सभी लोगों को बाहर निकाला है।

 
बताया गया है कि सुबह हुई बारिश के कारण अचानक जलभराव की स्थिति बनने लगी। जैसे ही पहाड़ों सहित ग्रामीण इलाकों से बारिश का पानी बीहर नदी में आया तो जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। इसकी वजह से लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। लोगों ने उम्मीद नहीं की थी कि इतनी जल्दी पानी भर जाएगा। रेस्क्यू आपरेशन के बीच बाढ़ में फंसे लोगों तक प्रशासन ने त्वरित सहायता पहुंचाई है।


एसपी आफिस में दूसरे दिन भी भरा पानी, थानों का सामान खराब

एसपी आफिस में दूसरे दिन भी पानी भरा हुआ था। भूतल से करीब 6 फिट तक पानी अंदर भरा हुआ था जिससे आफिस के सामानों को नुकसान हुआ है। हालांकि रिकार्ड पुलिस ने पहले ही व्यवस्थित करवा दिए थे। वहीं सिविल लाइन थाने का भी यही हाल था। पूरा सीसीटीएनएस सिस्टम बारिश में भींग गया है। पानी भरने की वजह से थाने की कुर्सियां, कूलर सहित अन्य सामान खराब हो गया है जिसकी वजह से हालात बदतर हो गए है। पूरे परिसर में मछली मार्केट की गंदगी फैल गई है।


त्योंथर में भी चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बाढ़ का सबसे ज्यादा प्रकोप त्योंथर में भी सामने आया है। त्योंथर में बाढ़ की वजह से कई गांवों में लोग फंस गए थे्र। जान बचाने के लिए लोग घरों की छत में चढ़ गए थे लेकिन पानी का लेबल बढ़ने लगा। बाद में एसडीआरएफ टीम ने दर्जन भर से अधिक गांवों में रेस्क्यू ऑपरेशन किया और बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। 

इनका कहना है -
बाढ़ के बीच हमारा रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चला। जहां भी लोग बाढ़ में फंसे हुए थे उनको बाहर निकाला गया है। शहर के भीतर 600 से अधिक लोगों को बाढ़ के बीच से बाहर निकाला गया है। अभी भी हमारी टीम लगातार इलाके में भ्रमण कर रही है।
- मीनाक्षी चौहान, कमाण्डेट होमगार्ड