Rewa News: बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने शहर के भीतर हुआ रेस्क्यू, 50 से अधिक लोगों को बाहर निकाला

एसडीआरएफ और पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर बचाई लोगों की जान

 

रीवा। बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए एसडीआरएफ और पुलिस ने ज्वाइंट आपरेशन चलाया है। आधा सैकड़ा से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया है जो बाढ़ में फंसे हुए थे। सभी लोग अचानक बढ़े जलस्तर की वजह से बाढ़ की चपेट में आ गए थे लेकिन एसडीआरएफ और पुलिस ने अपनी भूमिका निभाते हुए उनकी जान बचा ली।

 

बताया गया है कि शहर में फंसे लोगों का अलग-अलग स्थानों में रेसक्यू किया गया है। निराला नगर के सरदार पटेल छात्रावास में रहने वाले बच्चे बाढ़ में फंस गए थे। रात में बारिश होने के बाद आसपास का पूरा इलाका जलमग्न हो गया था। सुबह जब बच्चे उठे तो पूरे परिसर में काफी पानी भरा हुआ था और बच्चों को निकलने का रास्ता नहीं था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस स्पॉट में पहुंच गई।

 

एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। नाव की मदद से 38 छात्रों को बाहर निकाला गया है जो पानी में फंसे हुए थे। पिछले साल भी यहंा पर रेसक्यू आपरेशन हुआ था। वहीं सुबह चोरहटा के खैरी में रेसक्यू ऑपरेशन हुआ था। बारिश की वजह से रात में खैरी के आसपास काफी पानी भर गया था और नाला के किनारे स्थित घरों के लोग पानी से घिर गए थे। सूचना पर तुरंत एसडीआरएफ पहुंची। नाव में बैठाकर पन्द्रह लोगो को निकाल लिया।

बताया गया है कि शहर झिरिया मोहल्ले मेंं भी रेसक्यू आपरेशन चला है। झिरिया नाले का दोपहर जलस्तर अचानक से बढ़ गया था। पुल के नीचे से पानी बह रहा था जिसकी वजह से आसपास के मोहल्ले में पानी भरने लगा। लोग बाढ़ से घिर गए थे जिस पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ ने यहां से लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। बीस लोगों को बाहर निकाला गया है। जो लोग आसपास घरों में थे उनको भी बाहर निकाला गया है।