Rewa News: रीवा में पूरे संभाग में हुई दबिश, वारंटियों को पकड़ने पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

आईजी के निर्देश पर चलाया गया अभियान, पकड़े गए वारंटी

 

रीवा। वारंटियों को पकड़ने के लिए बीती रात पुलिस का पूरे संभाग में विशेष अभियान चला। इस अभियान में काफी संख्या में वारंटी पकड़े गए जिनमें कई तो गंभीर मामलों में फरार चल रहे थे। इसके साथ ही पुलिस ने गुण्डा व निगरानी बदमाशेां को भी चेक किया है जिसमें बड़ी संख्या में अपराधियों की जांच कर उनको अपराध नहीं करने की हिदायत भी दी है।


बताया गया है कि वारंटियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान पुलिस विभाग ने चलाया है। आईजी गौरव राजपूत ने जोन के सभी जिलों को आदेशित किया था जिसके उपरांत बीती रात वारंटियों को पकड़ने के लिए सभी जिलों में रेड कार्रवाई की। पुलिस के कई वारंटी पकड़े गए है।


सुबह चार बजे पुलिस ने जब वारंटियों के घरों में रेड कार्रवाई की तो उनमें हड़कंप मच गया। आधी नींद से उठाकर पुलिस उनको थाने लेकर आई। पुलिस ने पूरे संभाग में सैकड़ों वारंटियों को दबोचा है। 


सभी 6 जिलों में 762 वारंटियों को पकड़ा गया है। इसमें 231 स्थायी और 531 गिरफ्तारी वारंटी शामिल थे। इसमें अधिकांश वारंटी तो गंभीर मामलों में सालों से फरार चल रहे थे और उनके विरुद्ध विचाराधीन प्रकरण लंबित था। 


बताया गया है कि पुलिस ने परे संभाग में निगरानी व गुण्डा बदमाशों की जांच हेतु भी विशेष अभियान चलाया था। रात में पुलिस ने 285 निगरानी बदमाश और 417 गुण्डा बदमाशों को भी चेक किया है। वे आरोपी वर्तमान मे क्या कर रहे हैं और उनकी जीविका कैसे चल रही है, इस बारे में पुलिस ने उनसे विस्तृत जानकारी ली है। रात में पुलिस के अभियन से वारंटियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। आईजी ने एक ही दिन में अपराधियों की कमर तोड़ दी।


न्यायालय में पेश किए गए वारंटी, लगा मेला
न्यायालय के बाहर रविवार को इस अभियान की वजह से मेला लगा हुआ था। पूरे जिले से पकड़े गए वारंटियों को रविवार को पुलिस न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर आई। न्यायालय में वारंटियों को पेश करने की वजह से उनके परिजन भी बाहर खड़े हुए थे जिसकी वजह से न्यायालय के बाहर मेला लगा हुआ था। अवकाश के दिन होने के बाद भी पूरे न्यायालय में चहल पहल देखने को मिली।


त्योहार में लौटकर आए वारंटी
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारों का समय वारंटियों ाके पकड़ने के लिए काफी अनूकुल होता है। त्योहार के समय जो वारंटी बाहर भाग जाते है उनमें कई वापस आ जाते है। इसलिए त्योहारों के समय उनके पकड़े जाने की संभावना बढ़ जाती है। इस समय को पुलिस अवश्य भुनाती है और वारंटियों की धरपकड़ की करती है जिसकी वजह से कई बार सालों से फरार वारंटी पुलिस को मिल जाते है।


इनका कहना है-
वारंटियों को पकड़ने हेतु बीती रात पूरे जोन में अभियान चलाया गया। सभी जिलों ने अपने यहां वारंटियों को पकड़ने हेतु रेड कार्रवाई की। इस अभियान में 231 स्थायी और 531 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार किए गए है। सात सैकड़ा से अधिक निगरानी व गुण्डा बदमाशों को भी चेक किया गया है।
-गौरव राजपूत, आईजी रीवा