Rewa News: रीवा में पुलिस ने बनाया हैवी वाहनों का नया डायवर्जन, गोविन्दगढ़ मार्ग से जाएंगे ट्रक

बायपास में पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद स्थायी व्यवस्था नहीं बना पा रहा प्रशासन

 

रीवा। बायपास मार्ग बंद होने के उपरांत भारी वाहनों की समस्या का स्थायी समाधान पुलिस नहीं कर पा रही है। पुलिस विभाग द्वारा अब वाहनों के लिए नया डायवर्जन मार्ग दिया गया है जिसकी वजह से सभी वाहनों को गोविन्दगढ़ मार्ग से भेजा जा रहा है जिसकी वजह से गोविन्दगढ़ में भी अराजकता की स्थिति बन गई है और लोगों को जाम की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। 


बताया गया है कि पुलिस विभाग द्वारा हैवी वाहनों के लिए नया डायवर्जन मार्ग बनाया गया है। जो वाहन मैहर और सतना तरफ से रीवा की ओर आ रहे है और वाहनों को रीवा पहुंचने से पहले ही पुलिस रोक रही है। बेला में पुलिस का स्थायी प्वाइंट बनाया गया है और सारे ट्रकों को गोविन्दगढ़ मार्ग निकाला जा रहा है।


 दिन और रात हर समय जो ट्रक आएंगे उनकेा सीधे गोविन्दगढ़ मार्ग में भेज दिया जाएगा जो गोविन्दगढ़ से रीवा आकर रतहरा से हाइवे में मिल जाएंगे। इसकी वजह से शहर के भीतर हैवी वाहनों की वजह से जो अराजकता की स्थिति बनी हुई थी उसमें कुछ हद तक में सुधार होगा। 


बताया गया है कि डायवर्जन मार्ग के लिए सतना और मैहर को पूर्व में संभागायुक्त ने निर्देश जारी किए थे। मैहर से वाहनों को सतना, चित्रकूट से प्रयागराज भेजने का आदेश दिया गया था लेकिन वहां सिस्टम बना पाने में मैहर और सतना जिला पूरी तरह से विफल रहे। वे वाहनों को डायवर्ट नहीं कर पाए और सारे वाहन रीवा तक पहुंच रहे थे। 


वर्तमान में रीवा पुलिस को सतना में जाकर वाहनों को डायवर्ट करना पड़ रहा है क्योंकि बेला सतना जिले में आता है। रीवा की समस्या से दूसरे जिले ज्यादा रुचि नहीं दिखा रहे है जिसकी वजह से रीवा पुलिस की मुश्किलें काफी ज्यादा बढ़ गई है।


सड़क में ड्यूटी, टेंट तक नहीं लगवा पाए अधिकारी
बेला में बनाए गए डायवर्जन प्वाइंट में पुलिसकर्मियों को काफी मुश्किलें हो रही है। प्रशासन यहां पर एक टेंट तक नहीं लगवा पाया ताकि पुलिसकर्मी छांव में खड़े होकर ड्यूटी कर सके। इसके अतिरिक्त प्रशासन का कोई अधिकारी तक नहीं रहता है और पुलिस धूप में वाहनों को डायवर्ट करने के लिए ड्यूटी कर रही है। अधिकारी यहां लाइट तक नहीं लगवाए है। रात में ड्यूटी करने में भी समस्या आ रही है। सवाल यह उठता है कि आखिर अधिकारी इतनी बड़ी लापरवाही क्यों कर रहे है।


प्रशासन द्वारा बनाए गए सारे डायवर्जन फेल
प्रशासन ने जितने भी डायवर्जन मार्ग बनाए थे वे सारे फेल हो चुके है। मैहर और सतना से ट्रकों को चित्रकूट मार्ग में भेजने का डायवर्जन बनाया गया था लेकिन वह काम नहीं आया और फेल हो गया। प्रयागराज से ही वाहनों को गौहनिया से चित्रकूट मार्ग में भेजने का डायवर्जन बनाया गया था वह भी काम नहीं आया। एक माह तक रीवा आने वाले सारे ट्रकों की इंट्री वैन कर दी गई थी लेकिन आराम से ट्रक रीवा पहुंच रहे थे। प्रशासन का कोई भी डायवर्जन काम नहीं आया।


इनका कहना है-
डायवर्जन के बाद भी ट्रक रीवा आ रहे थे जिसकी वजह से बेला में प्वाइंट लगाया गया है। सारे ट्रकों को गोविन्दगढ़ मार्ग से भेजा जा रहा है जिससे वे गोविन्दगढ़ से रीवा आकर हाइवे में आगे जाएंगे। इसके लिए स्थायी प्वाइंट लगा दिया गया है और वहां पुलिसकर्मी ड्यूटी कर रहे है।
-अनीमा शर्मा, थाना प्रभारी यातायात