Rewa News: नन्ही जान के लिए फरिश्ता बनी पुलिस, गड्ढे में गिरे बच्चे को बाहर निकाला

गोविन्दगढ़ पुलिस स्पॉट में पहुंची, बच्चे की हालत खतरे से बाहर

 

रीवा। एक नन्ही सी जान के लिए आज पुलिस फरिश्ता बन गई। बच्चा खेलते-खेलते गहरे गड्ढे में गिर गया था। घर वालों ने सूचना पुलिस को दी जिस पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पाट में पहुंच गई। आसपास के लोगों के साथ मिलकर पुलिस ने रेसक्यू ऑपरेशन किया। दो घंटे के प्रयास के बाद पुलिस सुरक्षित बच्चे को बाहर निकालने में कामयाब हो पाई। उसको उपचार हेतु एसजीएमएच लाया गया जिसकी हालत सामान्य थी। 


बताया गया है कि खेलते खेलते बच्चा गड्ढे में गिर गया। शिवेन्द्र कोरी पिता बाबू कोरी 1 साल निवासी चुआ थाना गोविन्दगढ़ आज सुबह घर के सामने ही खेल रहा था। घर के पास ही पिलर के लिए गड्ढा खुदवाया गया था जो करीब 9 इंच चौड़ा और दस फिट गहरा था।

बच्चा खेलते खेलते उसी गड्ढे में गिर गया। यह देखकर घर वालों के होश उड़ गए। उन्होंने अपने स्तर पर बच्चे को निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस को सूचना दी गई जिस पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। पुलिस ने बच्चे को निकालने के लिए आसपास के लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। 


बताया गया है कि बच्चे को निकालने के लिए गड्ढो के पास ही एक  दूसरा गड्ढा खोदा गया और उसकी गहराई में जाकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चा काफी डरा हुआ था जिसकी वजह से तुरंत उसको उपचार हेतु अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसको पूरी तरह से फिट घोषित किया जिस पर पुलिस ने उसे घरवालों को सौंप दिया है।


इनका कहना है -
एक बच्चा आज सुबह गड्ढे में गिर गया था। उसको बाहर निकालने के लिए रेसक्यू ऑपरेशन किया गया था। दो घंटे बाद बच्चे को बाहर निकालने में सफलता मिली। बच्चे को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
- अरविंद राठौर, थाना प्रभारी गोविन्दगढ़