Rewa News: रीवा में आउटसोर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत, अस्पताल में हुआ हंगामा
सिरमौर थाना क्षेत्र से उपचार हेतु लाया गया था अस्पताल, पुलिस ने शांत कराया मामला
रीवा। आउटसोर्स कर्मचारी गत दिवस लाइन सुधार के दौारान करंट में फंसकर झुलस गया था जिनकी बीती शाम अस्पताल में मौत हो गई। कर्मचारी की मौत पर हंगामे की स्थिति बन गई और घर वाले आरोपी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे जिसकी वजह से तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना पर आनन-फानन में पुलिस मौका मुआयना करने स्पाट में पहुंच गई।
बताया गया है कि आउटसोर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। राजकुमार दाहिया पिता छकौड़ीलाल दाहिया 37 साल निवासी अजवाइन थाना ताला बिजली विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में काम करते थे।
गत दिवस वे पड़री थाना सिरमौर बिजली लाइन सुधार हेतु खंभे में चढ़े थे। तभी अधिकारियों की लापरवाही से लाइन चालू हो गई और कर्मचारी करंट में फंसकर बुरी तरह झुलस गया। खंभे से नीचे गिरने की वजह से वे बुरी तरह जख्मी हो गए थे। उनके साथ काम करने वाले दूसरे कर्मचारियों ने आनन-फानन में उनको उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया है कि करीब पन्द्रह दिनों तक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा लेकिन चिकित्सकों के काफी प्रयास के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और बीती शाम उनकी मौत हो गई।
कर्मचारी की मौत पर सोमवार को सुबह घर वाले अस्पताल में आक्रोशित हो गय थे। जिन अधिकारियों की लापरवाही से लाइन चालू हुई थी उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम भी रुकवा दिया था जिसकी वजह से हंगामे की स्थिति बनी रही।
सीएसपी सहित कई थाना प्रभारी पहुंचे, समझा-बुझाकर शांत कराया मामला
अस्पताल में बवाल होने की सूचना पर सीएसपी रितु उपाध्याय सहित कई थाना प्रभारी पहुंच गए। सिरमौर थाना प्रभारी दीपक तिवारी, अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल, गोविन्दगढ़ थाना प्रभारी अरविंद राठौर अपने थाने के बल के साथ मौजूद रहे।
अधिकारियों ने घर वालों से बातचीत की और उनको आश्वस्त किया कि वे पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराएंगे और जो भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेंगे। घर वालों के समझाने पर परिजन मान गए और लाश का पोस्टमार्टम करवाने को राजी हो गए।
इनका कहना है-
गत दिवस एक कर्मचारी लाइन सुधार का कार्य कर रहा था जो करंट में फंसकर झुलस गया था। कर्मचारी का अस्पताल में इलाज चल रहा था जिसकी बीती शाम मौत हो गई। घर वाले प्रकरण की जांच की मांग कर रहे थे जिस पर उनको आश्वास्त किया गया है। समझा-बुझाकर प्रकरण को शांत कराया गया।
-शिवा अग्रवाल, थाना प्रभारी अमहिया