Rewa News: रीवा में गैस को लेकर हाहाकार, मोबाइल से रिफिल बुकिंग ठप

सिलेंडर भरवाने लगी लंबी कतारें, उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी स्टाफ पर गुमराह करने के आरोप लगाए

 

रीवा। शहर में इन दिनों घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत ने हालात बिगाड़ दिए हैं। बीते 2 दिनों से कई गैस एजेंसियों में सप्लाई प्रभावित होने के कारण होटल-रेस्तरां संचालकों से लेकर आम उपभोक्ताओं तक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोग सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो रहे हैं, लेकिन देर शाम तक भी कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।


उपभोक्ताओं का कहना है कि मोबाइल के जरिए गैस रिफिलिंग की बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। एजेंसी संचालकों की ओर से लोगों को यह कहकर टाल दिया जा रहा है कि दिल्ली से सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित है। इस बीच एजेंसियों में मौजूद स्टाफ पर लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने और गलत जानकारी देने के आरोप भी लग रहे हैं।

3 प्रमुख एजेंसियों पर गुमराह करने के आरोप
शहर की 3 प्रमुख इंडेन गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कलेक्ट्रेट के सामने स्थित पॉपुलर इंडेन गैस एजेंसी के बारे में लोगों का कहना है कि वहां स्टाफ उपभोक्ताओं को रिफिल बुकिंग के लिए ऐसे नए-नए मोबाइल नंबर बता रहा है, जिन पर कॉल करने के बाद भी बुकिंग नहीं हो पा रही। इससे उपभोक्ता लगातार परेशान हो रहे हैं।


इसी तरह एक्सीलेंस मार्तंड स्कूल के सामने स्थित रीवा इंडेन गैस एजेंसी में भी हालात खराब बताए जा रहे हैं। यहां मौजूद एक कर्मचारी पर लोगों को गलत जानकारी देकर परेशान करने का आरोप लगाया गया है।

वहीं समान क्षेत्र स्थित पवार इंडेन गैस एजेंसी को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि एजेंसी संचालक ने एक वृद्ध व्यक्ति को काउंटर पर बैठा रखा है, जो गैस सिलेंडर के लिए परेशान उपभोक्ताओं से अभद्रता करता है और ठीक से बात भी नहीं करता। ऐसे में गैस की कमी से जूझ रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।


लग्नसरे में बढ़ी चिंता
गैस की कमी का सबसे ज्यादा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है जहां शादी-समारोह की तैयारियां चल रही हैं। इन दिनों लग्नसरे के चलते कैटरिंग व्यवसायी और होटल-रेस्तरां संचालक सिलेंडर की तलाश में एक एजेंसी से दूसरी एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं।


एक कैटरिंग व्यवसायी ने बताया कि शादियों के सीजन में गैस की कमी से उनका पूरा काम प्रभावित हो रहा है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

सुबह से लगी कतारें 
शहर की गैस एजेंसियों के बाहर सुबह 8 बजे से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। स्थानीय निवासी उमेश सूरी ने बताया कि वे घंटों से लाइन में खड़े हैं, लेकिन नंबर नहीं आ रहा है, जिससे व्यापार और घर दोनों का काम प्रभावित हो रहा है।


वहीं गृहिणी लल्ली साकेत का कहना है कि घर में गैस खत्म होने से बच्चों के लिए खाना बनाने में भारी परेशानी हो रही है। एजेंसी में पूछने पर यही जवाब मिलता है कि पीछे से सप्लाई कम आ रही है, इसलिए इंतजार करना पड़ेगा।


यह बोले एसडीएम
इस मामले में एसडीएम अनुराग जैन ने बताया कि खाद्य विभाग द्वारा संचालित उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय की ओर से वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए कमर्शियल एलपीजी गैस की सप्लाई पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार यह कदम मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए उठाए गए हैं।