Rewa News: रीवा में नाइट कॉम्बिंग गश्त, पीएचक्यू के आदेश पर चलाया गया अभियान

अधिकारियों ने किया थानों का औचक निरीक्षण, काम का लिया जायजा

 

रीवा। बीती रात सभी अधिकारियों ने थानों का औचक निरीक्षण किया। पीएचक्यू के आदेश पर अधिकारियों ने रात में थानों की व्यवस्थाओं का मुआयना किया और थाना प्रभारियों से काम के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण में दस्तावेजों की भी अधिकारियों ने जांच की है और सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से रात्रि गश्त करवाने के आदेश जारी किए है।


 बताया गया है कि बीती रात अधिकारियों ने थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। पुलिस मुख्यालय भोपाल से आदेश जारी हुआ था जिसमें सभी अधिकारियों को अपने यहां के थानों का आकस्मिक निरीक्षण करना था और कामकाज की समीक्षा करनी थी। इस आदेश के पालन में बीती रात सभी अधिकारी अलग-अलग दिशाओं में थानों का निरीक्षण करने निकल पड़े। 


आईजी गौरव राजपूत बीती रात सिविल लाइन और सगरा थाने गए और थाने के पूरे दस्तावेजों के बारे में जानकारी ली। इसके अतिरिक्त ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की गई। थाना प्रबंधन, अभिलेख संधारण, शस्त्रागार, मालखाना, जनसुनवाई की व्यवस्था व स्वच्छता की समीक्षा की।


 बताया गया है कि सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त सख्ती के साथ करने के लिए आदेशित किया गया है। रात में अचानक आपराधियों के घरों में रेड कार्रवाई करने और उनको चेक करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। डीआईजी राजेश सिंह ने मऊगंज जिले के थानों का औचक निरीक्षण किया।

एसपी विवेक सिंह ने बीती रात सोहागी थाने में पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी, डीएसपी हेडक्वार्डर हिमाली पाठक, सीएसपी रितु उपाध्याय ने भी अपने अनुभाग के थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया हे जिससे रात में थानेां में भी हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।


कॉम्बिंग गश्त के तहत हुई धरपकड़
बीती रात काम्बिंग गश्त का भी विशेष अभियान चलाया गया। रात में पुलिस अपराधियों के घरों में दबिश दी। पुलिस ने 177 गिरफ्तारी वारंट, 71 स्थायी वारंटियों को पकड़ा है। इसके अलावा गुण्डा बदमाशों को भी रात में चेक किया गया है। उक्त कार्रवाई से अपराधियों में भी हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।