Rewa News: रीवा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का नया कीर्तिमान: एक ही दिन में किए 6 सफल पेसमेकर प्रत्यारोपण

मध्य प्रदेश का पहला ऐसा शासकीय संस्थान बना; 'कम्पलीट हार्ट ब्लॉक' के गंभीर मरीजों को दिया जीवनदान

 

रीवा। विंध्य अंचल के चिकित्सा इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, रीवा के कार्डियोलॉजी विभाग में प्राध्यापक एवं प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. एस. के. त्रिपाठी द्वारा एक ही दिन में 6 'कम्पलीट हार्ट ब्लॉक' से पीड़ित मरीजों में सफल स्थायी पेसमेकर (Permanent Pacemaker)  प्रत्यारोपण कर उल्लेखनीय कीर्तिमान स्थापित किया गया है।


इस अभूतपूर्व उपलब्धि के साथ ही सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, रीवा मध्य प्रदेश का पहला ऐसा शासकीय संस्थान बन गया है, जिसने एक ही दिन में 06 पेसमेकर प्रत्यारोपित करने का अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस सफलता से अस्पताल ने प्रदेश में उच्च स्तरीय कार्डियक (हृदय) सेवाओं की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।


जटिल और चुनौतीपूर्ण थी प्रक्रिया
चिकित्सकीय दृष्टि से यह प्रक्रिया अत्यंत जटिल एवं चुनौतीपूर्ण थी, जिसका सफल नेतृत्व वरिष्ठ इंटरवेंशनरल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. एस. के. त्रिपाठी एवं उनकी समर्पित चिकित्सकीय टीम द्वारा किया गया। सभी गंभीर मरीजों का उपचार अत्याधुनिक तकनीक एवं स्थापित अंतर्राष्ट्रीय चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न किया गया, जिससे मरीजों को ऐन वक्त पर जीवनरक्षक उपचार प्राप्त हो सका।


अब महानगरों की ओर दौड़ने की आवश्यकता नहीं: डॉ. त्रिपाठी
इस ऐतिहासिक अवसर पर कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. एस. के. त्रिपाठी ने कहा,  'यह उपलब्धि केवल किसी एक चिकित्सक या विभाग की नहीं है, बल्कि पूरी टीम की सामूहिक मेहनत, समर्पण और मरीज-केन्द्रित सेवा भावना का सुखद परिणाम है। हम इस सफलता का श्रेय उपमुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री जी के निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु किए गए प्रयासों को देते हैं।'


उन्होंने आगे जोड़ा कि सरकार के सहयोग से रीवा जैसे अंचल में अत्याधुनिक हृदय चिकित्सा सुविधाएं विकसित हो चुकी हैं, जिससे अब गंभीर से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े महानगरों की ओर भागने की आवश्यकता बेहद कम हो गई है। हमारा एकमात्र उद्देश्य भविष्य में भी प्रदेशवासियों को विश्वसनीय, सुलभ और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराना है।


अस्पताल प्रबंधन ने दी बधाई
इस बड़ी सफलता पर श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अधिष्ठाता (डीन) डॉ. सुनील अग्रवाल एवं सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कार्डियोलॉजी विभाग, कैथ लैब, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी विशेषज्ञों तथा समस्त सहयोगी कर्मचारियों को इस गौरवमयी उपलब्धि के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं। प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, रीवा इसी प्रकार उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के नए मानक स्थापित करता रहेगा।

इस सफल टीम का रहा विशेष योगदान
किसी भी जटिल सर्जिकल प्रोसीजर की सफलता के पीछे एक सुदृढ़ और प्रशिक्षित टीम की भूमिका सबसे अहम होती है। इस सफल अभियान में:

नर्सिंग स्टाफ से: किशोर, सत्येन्द्र एवं मनीषा।


कैथ लैब टीम से: जय नारायण मिश्र, सत्यम, मनीष, सुमन, सुधारु और निकित ने अपना विशेष व सराहनीय योगदान दिया।