Rewa News: रीवा में मानव श्रृंखला, साइकिल रैली, रंगोली से हर घर तिरंगा अभियान का संदेश देने के निर्देश

हर घर तिरंगा अभियान में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करें: प्रतिभा पाल

 

रीवा। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने हर घर तिरंगा अभियान तथा हर घर स्वच्छता अभियान की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि 14 अगस्त तक जिले भर में हर घर तिरंगा अभियान और स्वच्छता के कार्यक्रम लगातार आयोजित करें। सभी कार्यालय प्रमुख कार्यालय भवन और परिसर की साफ-सफाई के साथ तिरंगा रैली निकालें।

सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में रंगोली बनाकर हर घर तिरंगा अभियान और स्वच्छता के संदेश दें। जिला शिक्षा अधिकारी 13 और 14 अगस्त को जिला और विकासखण्ड स्तर पर विद्यार्थियों की मानव श्रृंखला बनाकर अभियान में भागीदारी निभाएं।

हर घर तिरंगा अभियान में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजनता की भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अभियान के तहत जिले भर में मानव श्रृंखला, तिरंगा साइकिल रैली, तिरंगा बाइक रैली तथा रंगोली के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान और हर घर स्वच्छता अभियान के संदेश दें।


बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने हर घर तिरंगा अभियान तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह के तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।