Rewa News: रीवा में नशेड़ियों ने पुलिस टीम पर किया जानलेवा हमला, बीच सड़क में की मारपीट
सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, आरोपियों की चल रही तलाश
रीवा। बीती रात नशेड़ियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। रात में पुलिस गश्त कर रही थी तभी नशेड़ियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। बीच रास्ते में उनके साथ जमकर मारपीट की। घटना के उपरांत आरोपी भागने में कामयाब हो गए। मारपीट से कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी आई है। सूचना पर आनन-फानन में पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
बताया गया है कि पुलिस टीम पर नशेड़ियों ने बीती रात हमला किया है। सिविल लाइन थाने की पुलिस रात में पेट्रोलिंग कर रही है। रेलवे ओवरब्रिज के पास नीचे नशेडियों की महफिल जमा थी जो जाम छलका रहे थे। अचानक पुलिस ने उनको देखा तो उनको खुले शराबखोरी करने से मना किया जिस पर नशेड़ी उग्र हो गए।
दो आरक्षक गाड़ी में बैठे थे जिन पर नशेडियों ने अचानक कातिलाना हमला कर दिया। सरेराह उनके साथ जमकर मारपीट की जिसकी वजह से वे जख्मी हो गए। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। मारपीट के उपरांत आरोपी भागने में कामयाब हो गए। बताया गया है कि सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। थाने से पुलिस बल मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गया।
हालांकि तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है। घटनाकारित करेन वाले आरोपी कौन थे उनके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर पूरे मामले केा जांच में लिया है। पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
वीडियो बनाकर लोगों ने किया वायरल
जिस समय आरोपी पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर रहे थे उस समय लोगों ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे है।
वे पुलिसकर्मियों पर ही नशाखोरी करने का आरोप लगा रहे थे और मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने वीडियो केा जब्त कर लिया है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।
हांका अभियान बंद होने से बढ़ी समस्या
शहर के भीतर हांका अभियान बंद होने से समस्या बढ़ गई है। पहले पुलिस शाम के समय हांका अभियान चलाती थी जिसमेंं सभी थानों की पुलिस रहती थी। जो सार्वजनिक स्थानों में शराबखोरी करते थे उनके विरुद्ध कार्रवाई करती थी। अब हांका अभियान पूरी तरह से बंद हो गया है।
शाम को शहर के भीतर पुलिस की मूवमेंट बिल्कुल शून्य रहती हे। जिस रेलवे ओवरब्रिज के नीचे घटना हुई है वहां पर देर रात तक नशेड़ी बैठते है क्योंकि सामने शराब दुकान है और ओवरब्रिज के नीचे भीड़भाड़ कम रहती है। यदि हांका अभियान शुरू करवा दिया जाए तो इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लग सके।
इनका कहना है-
पुलिस की टीम पर बीती रात गश्त कर रही थी तभी अज्ञात शराबियों ने पुलिस पर हमला कर दिया था। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया गया है। आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है। जल्द उनको गिरफ्तार किया जाएगा।
-आरती सिंह, एएसपी रीवा