Rewa News: रीवा में जिपं सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर ने तालाब सफाई एवं मरम्मत कार्य का किया निरीक्षण

गंगा जल संवर्धन अभियान के तहत हुआ जल संवाद कार्यक्रम 

 

रीवा। रीवा और मऊगंज जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल संरक्षण के कार्य कराए जा रहे हैं। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि मऊगंज जिले की ग्राम पंचायत खैरा में तालाब जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया गया है। 


सहायक यंत्री एवं उपयंत्री द्वारा इसकी लगातार निगरानी की जा रही है। इसी तरह ग्राम पंचायत शिवपुरवा में तालाब जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर ने जनपद रायपुर कर्चुलियान अन्तर्गत ग्राम पंचायत रामनई में तालाब की सफाई एवं मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया।  


अभियान के तहत हुआ जल संवाद कार्यक्रम

 
जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण के कार्यों के साथ ही आम लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिले के ग्राम अटरिया में जल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 
नवांकुर स्वैच्छिक संस्था सर्वोदय विन्ध्य विकास समिति द्वारा आयोजित जल संवाद कार्यक्रम में विकासखण्ड समन्वयक अमित अवस्थी ने ग्रामजनों को जल संरक्षण, जल स्त्रोतों की साफ-सफाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा उपस्थित जनों से जल संरक्षण के कार्यों में सहभागिता की अपेक्षा की।