Rewa News: रीवा में डिप्टी सीएम बोले- पवित्रता की पराकाष्ठा हैं गौमाता
हिनौती गौधाम में दो करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 4 शेड का हुआ भूमिपूजन
गौमाता की कृपा से ही उपमुख्यमंत्री के सभी मनोरथ पूर्ण हो रहे हैं: राघवाचार्य जी
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गौमाता पवित्रता की पराकाष्ठा है। गौमाता की कृपा से ही सभी मनोरथ और संकल्प पूर्ण होते हैं। एक भी गौमाता बेसहारा नहीं रहेंगी। उप मुख्यमंत्री ने मनगवां विधानसभा अन्तर्गत हिनौती गौधाम में दो करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से बनाए जाने वाले 4 गौवंश संरक्षण शेड का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने गौपूजन कर गायों को गुड़ और चना खिलाया।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि गौ माता की रक्षा से सृष्टि की रक्षा होती है। भारत माता की जय से पहले गौमाता की जय है। उन्होंने कहा कि खेती के साथ-साथ गौमाता को भी बचाना आवश्यक है। हिनौती गौधाम में आने वाले समय में 60 शेड बनाकर लगभग 50 हजार गौवंशों का संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रीवा जिले में गौ अभ्यारण्यों की स्थापना गौमाता की संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयास हैं।
हिनौती गौधाम में विकास के नए अवसर खुलेंगे और यह आर्थिक रूप से समृद्धशाली गौशाला होगी। दिल से की गई गौ सेवा से ही मानव जाति का कल्याण होगा। उन्होंने हिनौती गौधाम के विकास के लिए स्थानीय जन समुदाय द्वारा दिए गए भूमिदान व अन्य सहयोग की प्रशंसा की तथा कहा कि जन भागीदारी से ही यह पुनीत कार्य और आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने गौधाम के विकास के लिए विधायक मनगवां द्वारा किए जा रहे कार्य की भी प्रशंसा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौधाम में चारागाह की व्यवस्था के साथ ही वृक्षारोपण सहित अन्य विकास के कार्य सतत रूप से संचालित होते रहेंगे और प्रतिमाह किसी न किसी कार्य का भूमिपूजन या लोकार्पण होता रहेगा।
कार्यक्रम में अपने आशिर्वचन में अयोध्या से पधारे जगतगुरू राघवाचार्य ने कहा कि गौमाता की सुख- शांति से ही धरती पर सुख-शांति स्थापित होती है। गाय विश्व की आयु, शक्ति और सम्पत्ति है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री शुक्ल सामाजिक विकास के साथ आध्यात्मिक विकास भी कर रहे हैं और गौमाता की कृपा से ही उनके सभी संकल्प मनोरथ पूर्ण हो रहे हैं।
जगतगुरू ने कहा कि गौधाम की स्थापना से इस अंचल में सुख और समृद्धि का विकास होगा। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत नीता कोल ने उप मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा की। विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि हिनौती गौधाम में एक वर्ष पूर्व उप मुख्यमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए कार्य अब मूर्त रूप ले रहे हैं।
आने वाले समय में यह स्थल अद्वितीय व अप्रतिम स्थल के तौर पर विकसित होगा और देश में गौ सेवा के क्षेत्र में इसका प्रमुख स्थान रहेगा। कार्यक्रम में विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि बाणसागर की नहरों से सिंचाई की सुविधाएं प्राप्त कर किसान समृद्धशाली हुए हैं। उप मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही रीवा जिले में गौ अभ्यारण्यों की स्थापना हुई है। मऊगंज जिले में भी शीघ्र ही गौ अभ्यारण्य स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी ने कहा कि हिनौती गौधाम विस्तृत व संपन्नशाली गौधाम बनने की ओर अग्रसर है। इससे पूर्व स्वागत उद्बोधन देते हुए गौधाम के संचालक तथा जिला गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय ने बताया कि उप मुख्यमंत्री की संकल्पना मूर्त रूप ले रही है।
यह गौधाम देश व प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने लालगांव हिनौती से लेकर अंचल के सभी कृषकों से गौशाला में भागीदार होने व सहयोग करने की अपेक्षा की। कार्यक्रम को गौ सेवक कमलेश पटेल ने भी संबोधित किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कार्यक्रम में दानदाताओं का सम्मान किया तथा गौ सेवकों को छाता व रेनकोट वितरित किए। उप मुख्यमंत्री ने गौधाम परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, बाला व्यंकटेश शास्त्री, जिला पंचायत सदस्य नंदिनी त्रिपाठी, डॉ प्रभाकर चतुर्वेदी, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम राजेश सिन्हा, सोनल शर्मा, रामकुशल पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में संतगण, प्रबुद्धजन तथा अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामवासी उपस्थित रहे।