Rewa News: रीवा में बिजली विभाग के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला, गांव के लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

गढ़ पुलिस ने दर्ज किया आपराधिक प्रकरण, घायल कर्मचारियों को उपचार हेतु लाया गया अस्पताल

 

रीवा। बिजली विभाग के कर्मचरियों पर बीती रात गांव के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। ग्रामीणों ने डंडा लेकर कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वहां से जान बचाकर भागे कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। चार कर्मचारी जख्मी हो गए थे जिनको काफी ज्यादा चोट आई थी। उनको सीएससी से एसजीएमएच हेतु रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने किस बात को लेकर हमला किया था यह अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है।


 बताया गया है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों पर बीती रात ग्रामीणों ने हमला किया है। कर्मचारी रात में देऊर कोठार थाना गढ़ में विद्युत लाइन की पेट्रोलिंग करने गए थे। रात में जब गाड़ी से सभी लोग नीचे उतरकर पेट्रोलिंग कर रहे थे तभी गांव के वाले टूट पड़े।

उन्होंने कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। कई लोग लाठियां लेकर पहुंच गए और कर्मचारियों को पीटने लगे। जान बचाने के लिए कर्मचारी इधर उधर भागने लगे जिस पर लोगों ने काफी दूर तक उनको दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। चार कर्मचारी जख्मी हो गए जिनको काफी ज्यादा चोट आई थी।


 बताया गया है कि कर्मचारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। हालांकि घटनाकारित करने वाले आरोपी भागने में कामयाब हेा गए थे। घटना में घायल सभी कर्मचारियों को उपचार हेतु सिरमौर अस्पताल लाया गया।

वहां से प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें एसजीएमएच रेफर कर दिया गया हे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर उनकी सरगर्मी से पताशाजी शुरू कर दी है। अभी आरोपियों की पहचान के प्रयास पुलिस कर रही है।


घटना से कर्मचारी आक्रोशित, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
मारपीट की इस घटना से बिजली विभाग के कर्मचारी भी आक्रोशित हो गए। बिजली विभाग के कर्मचारियों पर आए दिन हमले हो रहे है। कई घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन इनमें रोक नहीं लग रहा है। ऐसे में कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है।

कर्मचारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि हम अपना काम कर रहे है लेकिन हमारे ऊपर आए दिन हमले हो रहे है जिनको स्वीकार नहीं किया जाएगा। इन घटनाओं को नहीं रोका जाता है तो हम बड़े आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे।


इनका कहना है-
बिजली विभाग के कर्मचारियों पर बीती रात देऊर कोठार गांव में कातिलाना हमला हुआ है। हमले में कुछ कर्मचारियों को चोटें आई हैं। वे लाइन की पेट्रोलिंग करने गए थे तभी उनके साथ घाटना हुई है। आपराधिक प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया गया है। आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है।
-अवनीश पाण्डेय, टीआई गढ़