Rewa News: रीवा रेलवे स्टेशन में शुरू हुआ ओवरब्रिज का निर्माण कार्य 

बीस दिन से बंद था काम, पूरा होने में दो माह शेष

 

रीवा। रेलवे स्टेशन में बन रहे नवीन ओवरब्रिज का निर्माण कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। रेलवे स्टेशन के बाहर से प्लेटफार्म क्र. 5 तक नवीन ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन काम बीस दिनों से बंद था। ठेकेदार अपने कर्मचारियों के साथ गायब हो गए थे। दैनिक गुड मॉर्निंग में उक्त समस्या को प्रमुखता से उठाया गया जिसके बाद अधिकारियों ने उसे संज्ञान में लिया। रेलवे अधिकारियों की सख्ती के बाद एक बार फिर काम शुरू हो गया है। 


प्लेटफार्म के बाहर श्रमिक काम पर लगे हुए थे। हालांकि इस नए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य दिसंबर महीने तक पूरा होना है और अब सिर्फ दो माह का समय शेष बचा हुआ है। काम में हुई देरी की वजह से इसके तय समय सीमा के अंदर पूरा होने की उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। 


बताया गया है कि रेलवे स्टेशन में नवीन ओवरब्रिज बनने के बाद यात्रियों को प्लेटफार्म में पहुंचने में काफी सहुलियत होगी। इसमें एक्सीलेटर लगेगा जिसकी सहायता से दिव्यांग और बुजुर्ग यात्री आराम से प्लेटफार्म तक पहुंच जाएंगे। रेलवे के अधिकारी इसका निर्माण कार्य तय समय-सीमा के अंदर पूरा करवाने का प्रयास कर रहे हे और उन्होंने ठेकेंदार को भी जल्द काम शुरू करने की हिदायत दी है।


मजदूर की मौत के बाद बंद था काम
रेलवे स्टेशन में मजदूर की मौत के बाद काम कई दिनों से बंद था। मजदूर ओवरब्रिज के ऊपर काम कर रहा था और बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करते समय वह हादसे का शिकार हो गया था जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई थी। जीआरपी ने ठेकेदार सहित उनके अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध प्रकरण कायम किया था जिसके बाद से ही वे लोग फरार चल रहे थे ओर ओवरब्रिज में निर्माण कार्य बंद हो गया  था।