Rewa News: रीवा में दस करोड़ की लागत से एसजीएमएच में सिटी स्कैन मशीन का हुआ लोकार्पण

उपमुख्यमंत्री ने फीता काटकर किया शुभारंभ, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के अब नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर

 

रीवा। संजय गांधी अस्पताल में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के तहत अस्पताल में नयी सिटी स्कैन मशीन स्थापित की गई है। इससे मरीजों को अस्पताल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और संजय गांधी अस्पताल में ही उनका सिटी स्कैन हो जाएगा। 


बताया गया है कि संजय गांधी अस्पताल में नयी सिटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया गया है। 10 करोड़ की लागत से सिटी स्कैन मशीन यहां पर लगवाई गई है। अभी तक मरीजों को सिटी स्कैन के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जाना पड़ता था जिसकी वजह से मरीज और उनके घर वालों को काफी परेशानियां उठानी पड़ती थी। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने सिटी स्कैन मशीन लगाने का प्रस्ताव भेजा था जिसको स्वीकृति प्रदान की गई और अस्पताल में सिटी स्कैन लगवाई गई है।


बताया गया है कि संजय गांधी अस्पताल में आज सिटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, डीन डा. सुनील अग्रवाल, अस्पताल अधीक्षक डा. राहुल मिश्रा उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री ने फीता काटकर मशीन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने बताया कि 10 करोड़ की लागत से सिटी अत्याधुुनिक सिटी स्कैन मशीन अस्पताल में लगवाई गई है जिसका लाभ अस्पताल के सारे मरीजों को मिलेगा। 


डॉक्टरों की यह मांग थी कि अस्पताल में सिटी स्कैन मशीन लगनी चाहिए जिससे मरीजों को उपचार में आसानी रहे। इसे देखते हुए अस्पताल में नयी मशीन लगवाई गई है। जो भी मरीज अस्पताल में भर्ती रहेंगे उनको सिटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ाने का है और इसके लिए हम सतत रूप से काम कर रहे है। जिन सुविधाओं की अस्पताल में कमी है उनको उपलब्ध कराया जाएगा।