Rewa News: रीवा के मेडिकल कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल में अव्यवस्थाएं, छात्राएं परेशान

ठंड में गर्म पानी तक नसीब नहीं, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन नहीं दे रहा ध्यान 

 

रीवा। श्यामशाह मेडिकल कॉलेज के शिवालिका गर्ल्स हॉस्टल में अव्यवस्थाएं हावी हैं। बताया गया है कि हॉस्टल में छात्राओं को ठंड के बीच गर्म पानी तक नसीब नहीं हो रहा है। छात्राओं को सुबह से तैयार होकर कॉलेज पहुंचना होता है। ऐसे में उन्हें जो पानी स्नान इत्यादि के लिए उपलब्ध रहता है, वह बर्फीला होता है, जिसके कारण उन्हें बेहद परेशानी होती है। पता चला है कि इसकी शिकायत छात्राओं ने कई बार प्रबंधन से की किन्तु नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा। 

 


सूत्रों के अनुसार, छात्राओं को मेडिकल कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल में कई अन्य अव्यवस्थाओं का भी सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं द्वारा लगातार इस संबंध में शिकायत भी कॉलेज प्रबंधन से की गई, लेकिन प्रबंधन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। 

 


यह भी बताया गया है कि आए दिन सोलर पैनल खराब होने से छात्राओं को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही हॉस्टल में साफ-सफाई ठीक से नहीं होने से गंदगी का अंबार है। कई दफा छात्राओं द्वारा वार्डन सहित कॉलेज प्रबंधन का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।

 


इस मामले का खास पहलू यह है कि जहां एक ओर प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री और उपमुख्यमंत्री स्वयं रीवा विधायक राजेन्द्र शुक्ल हैं। जो निरंतर रीवा सहित समूचे प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा को सुविधापूर्ण तथा आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं, वहीं मेडिकल कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल में प्रबंधन की लापरवाही के चलते अव्यवस्थाओं का बोलबाला कई सवाल खड़े कर रहा है।