Rewa News: राष्ट्रीय महामंत्री सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों से मिले भाजपा नेता जीतेन्द्र मिश्र
विंध्य में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव से कराया अवगत
रीवा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं इस्पात मंत्रालय के पूर्व सदस्य जीतेन्द्र मिश्र ने दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की। चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना वाली जनकल्याणकारी नीतियों से लोगों का पार्टी के प्रति आकर्षण तेजी से बढ़ा है।
जीतेन्द्र मिश्र ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार के साथ डिजिटल तकनीक, बुनियादी ढांचे के विकास, आर्थिक सुधार, महिला सशक्तिकरण, विज्ञान-नवाचार और वैश्विक मंच पर भारत की सक्रिय भूमिका से नए आयाम जुड़े हैं। जनधन, आधार, मोबाइल, डीबीटी, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सेवाओं ने शासन को नागरिकों के करीब लाकर सरकारी योजनाओं की पहुंच व सेवा वितरण को सशक्त बनाया है।
वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात में बीजेपी नेता जीतेन्द्र मिश्र ने बताया कि गरीब व कमजोर वर्गों तक योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। जनधन, आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि ने बुनियादी जरूरतों को केंद्र में रखा है।
लाभार्थी पहचान, बैंक खाते में राशि अंतरण और डिजिटल निगरानी से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की व्यवस्था बनी है। पीएम-किसान के तहत अब तक 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। जीतेन्द्र मिश्र ने कहा कि मध्य प्रदेश में मोहन यादव सरकार और उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल पूरे विंध्य के विकास के लिए निरंतर जुटे हैं।
दिल्ली प्रवास में उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी. एल. संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव भोला सिंह, एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पूर्व कार्यकारी सचिव तथा पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र से भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।