Rewa News: रीवा में बार संचालक ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर फैलाई दशहत, गोली लगने से कर्मचारी घायल

सिविल लाइन पुलिस स्पॉट में पहुंची, घायल कर्मचारी को लाया गया अस्पताल

 

रीवा। बीती रात बार संचालक ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करके दहशत फैला दी। आरोपी ने हवा में गोली चलाई और उसके बाद अपने एक कर्मचारी को गोली मार दी जिसकी वजह से वह जख्मी हो गया। घटना की सूचना पर तुरंत पुलिस बल स्पॉट में पहुंच गया। जख्मी कर्मचारी को आनन-फानन में उपचार हेतु अस्पताल लाया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। 


बताया गया है कि बार संचालक ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। नाइट क्लब बियर बार में बीती रात गोली चलने की घटना हुई है। बार संचालक एलबी सिंह बीती रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर बार में घूम रहा था। उसने जमकर शराब पी और बार के अंदर ही वह कर्मचारियों सहित अन्य लोगों के साथ गाली-गलौज विवाद करने लगे। उसके हाथ में पिस्टल देखकर सभी लोग डरे हुए थे। 


आरोपी ने बाहर निकलकर हवा में गोली चलाई और उसके बाद फिर अंदर जाकर कर्मचारी जमुना सिंह पर गोली चला दी। उनको दो गोली मारी जिसकी वजह से वे जख्मी हो गए। घटना से हड़कंप की स्थिति बन गई। घटनाकारित करने के उपरांत आरोपी वहीं पिस्टल लेकर घूम रहा था जिसकी वजह से कोई भी घायल की मद नहीं कर पाया। 


बताया गया है कि रात में घर वालों को घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। जख्मी कर्मचारी बार के अदर पड़ा हुआ था जिसको तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर पुलिस ने घटना को विवेचना में लिया है।


स्पॉट से ही गिरफ्तार हुआ आरोपी, जब्त हुई पिस्टल
घटनाकारित करने वाला आरोपी काफी ज्यादा शराब का सेवन किए हुए था और घटना के बाद भी हांथ में पिस्टल लेकर घूम रहा था। पुलिस ने उसको स्पॉट से ही दबोच लिया और उसकी पिस्टल को जब्त कर लिया। उसको आगे की पूछतांछ हेतु थाने लाया गया। आज आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसको जेल दाखिल कर दिया गया। पुलिस प्रकरण की आगे विवेचना करने में लगी हुई है।


बियर-बारों को पुलिस ने उपेक्षित छोड़ा
बियरबारों को पुलिस ने उपेक्षित छोड़ दिया है। बियरबार में पूरी रात दारुखोरी होती है और रात के समय यहां पर अपराधियों का जमावड़ा रहता है। पुलिस न तो बियरबार चेक करने जाती है और न ही कभी यहां आने वाले लोगों की पड़ताल करती है। जिसकी वजह से यहां पर अपराधी हथियार लेकर दहशत फैलाते है।


इनका कहना है-
बीती रात बियर बार में गोली चलने की घटना हुई थी जिसमें एक व्यक्ति जख्मी हो गया था। उसको आनन-फानन में उपचार हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया। प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया गया है। घटनाकारित करने वाले आरोपी को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया गया है।
-पुष्पेन्द्र मिश्रा, टीआई सिविल लाइन