Rewa News: रीवा में बेहद जल्द चौड़ा होगा अमहिया मार्ग, हटाए जाएंगे बेजा कब्जे
सिरमौर चौराहा से अस्पताल चौराहा तक प्रभावित होंगे दो सैकड़ा से ज्यादा दुकानें-मकान; नगर निगम आयुक्त व एसडीएम ने किया पैदल निरीक्षण
रीवा। अप्रैल माह की शुरूआत के साथ ही शहर के एक अति व्यस्ततम मार्ग को चौड़ा और सुगम बनाने की शुरूआत होने जा रही है। सोमवार को अमहिया मार्ग के प्रस्तावित चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत प्रभावित क्षेत्र का निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे एवं एसडीएम द्वारा संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पूरे मार्ग का पैदल भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि मार्ग चौड़ीकरण कार्य से लगभग 200 दुकानें एवं मकान प्रभावित होंगे। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने मौके पर उपस्थित नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद कर उन्हें प्रस्तावित कार्यवाही के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा सहयोग की अपील की।
इस दौरान कई नागरिकों एवं व्यापारियों ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए अपनी सहमति से स्वयं अतिक्रमण हटाने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और सभी को इसका लाभ मिलेगा।
अपने निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने स्पष्ट किया कि शहर के यातायात को सुगम बनाने एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह चौड़ीकरण कार्य अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण की जाए। साथ ही, प्रभावित नागरिकों से अपील की गई कि वे प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कार्य समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।