Rewa News: रीवा में बड़े भाई पर आरोपी ने चलाई गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार

जवा पुलिस ने घटना को जांच में लिया; कट्टा, कारतूस व कार जब्त

 

रीवा। बड़े भाई से सम्पत्ति बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में आरोपी ने कट्टे से गोली चला दी। गोली उसने अपने भाई को मारी थी लेकिन उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया जिससे गोली गेट से टकराई। घटना की सूचना पर तुरंत पुलिस स्पाट में पहुंची। मौके से भागे आरोपियों का पुलिस ने काफी पीछा किया और अंतत: उनको पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया। उनके पास से कट्टा व कारतूस जब्त हुआ है। 


बताया गया है कि सम्पत्ति विवाद में बड़े भाई पर आरोपी ने गोली चलाई है। रामायण पाण्डेय निवासी बरौली थाना जवा अपने घर में थे तभी उनका छोटा भाई रामसखा पाण्डेय अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया। उसने अपने बड़े भाई से सम्पत्ति विवाद में गाली-गलौज शुरू कर दी। बड़े भाई ने उसको गाली देने से मना कर दिया जिस पर उसने जेब से कट्टा निकाल लिया। उसके हाथ में कट्टा देखकर बड़े भाई तुरंत घर का दरवाजा बंद कर लिया। 


आरोपी ने कट्टे से गोली चला दी जिससे गोली गेट से टकराई और उनकी जान बच गई। घटना से पूरे गांव में हड़कंप की स्थिति बन गई। हल्ला-गुहार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। 
बताया गया है कि फरियादी की सूचना पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पाट में पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भाग दिए। पुलिस ने उनका पीछा किया और अतरैला के पास घेराबंदी करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया। जिन आरोपियों को पकड़ा गया है उनसे कट्टा और कारतूस जब्त हुआ हे। रामायण पाण्डेय की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का प्रकरण कायम कर लिया है।


तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
पुलिस ने घटनाकारित करने वाले तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनमें रामसखा पाण्डेय पिता साहबरलाल पाण्डेय 43 साल निवासी बरौली थाना जवा, मुकश्ेा पाण्डेय पिता रामसजीवन पाण्डेय 38 साल निवासी नगरिया थाना बिछिया, अमन द्विवेदी पिता शिवलाल द्विवेदी 31 साल निवासी चुरहट सीधी शामिल है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उनको जेल भेज दिया गया है।


इनका कहना है -
सम्पत्ति विवाद में आरोपी ने बड़े भाई पर फायरिंग की थी। रिपोर्ट मिलने पर तुरंत प्रकरण कायम किया गया और घटनाकारित करने वाले तीन आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया गया। उनके पास से कट्टा, कारतूस व कार जब्त हो गई है। जांच उपरांत प्रकरण में आगे कार्रवाई की जाएगी।
- शैलेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी जवा