Rewa News: रीवा में थाने के एएसआई पर युवती ने लगाया छेड़खानी का आरोप, मचा हड़कंप

बिछिया थाने में पदस्थ हैं एएसआई, एसपी कार्यालय फरियाद लेकर पहुंचे

 

रीवा। थाने के एएसआई पर छेड़खानी करने का सनसनीखेज आरोप युवती ने लगाया है। युवती घर में अकेले थी तभी एएसआई ने उसके साथ छेड़खानी की है। घर वालों के आने पर युवती ने घटना के बारे में बताया जिस पर वे शिकायत लेकर थाने गए थे लेकिन वहां पर पुलिस ने कार्रवाई के बजाय उन पर समझौता करने का दबाव डालना शुरू कर दिया। 


बताया गया है कि एएसआई पर छेड़खानी का आरोप युवती ने लगाया है। युवती बिछिया थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। वह घर में अकेले थी तभी किसी मामले की जांच को लेकर एएसआई राकेश सिंह वहां उसके घर आए थे। युवती ने उनको बताया कि घर में कोई नहीं है तो एएसआई कमरे के अंदर घुस गए और युवती के साथ अश्लील हरकत करने लगे। 


युवती ने विरोध किया और एएसआई को थप्पड़ मारा। उनको धक्का देकर घर की छत में भागी तो वहां भी एएसआई पहुंच गए। जबरदस्ती करने की नियत से उसको नीचे खींच लाए। इस बीच युवती ने अपने मां को खबर दी। बाद में एएसआई वहां से धमकाते हुए चले गए। 


बताया गया है कि रात में युवती को लेकर घर वाले थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने एएसआई के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की बल्कि उनको समझाबुझाकर समझौता करने का दबाव डालने लगे। रात में आवेदन लेकर एएसआई को चलता कर दिया गया। 


आज घर वाले इस घटना की फरियाद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय आए थे। उन्होंने एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। युवती का कहना है कि एएसआई ने उनके साथ अश्लील हरकत की है जिनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।


इनका कहना है-
एएसआई पर युवती ने छेड़खानी का आरोप लगाया है। एएसआई जांच के लिए गए थे जहां पर छेड़खानी का आरोप उन पर लगा है। मामला गंभीर प्रवृत्ति का है जिसकी वजह से जांच के आदेश जारी कर दिए गए है। घटना को जांच में लिया गया है।
-आरती सिह, एएसपी रीवा