Rewa News: रीवा में पिकनिक मनाने आया युवक क्योंटी प्रपात में गिरा, लाश बरामद

गढ़ पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंची, एयरफोर्स का था जवान

 

रीवा। यूपी से पिकनिक मनाने आए युवक क्योंटी प्रपात में डूब गए। तीन युवक पानी के तेज बहाव में बहने लगे तभी दो युवकों को तो आसपास के लोगों ने पकड़ लिया लेकिन एक युवक पानी में बहकर क्योंटी प्रपात में नीचे गिर गया। सूचना पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंची। गोताखोरों की टीम को बुलाया गया जिन्होंने युवक की लाश को बाहर निकालकर उसे पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भिजवा दिया है।


 बताया गया है कि नहाते समय एक युवक क्योंटी प्रपात में डूब गया। एक दिन पहले युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ लालगांव के क्योंटी जलप्रपात में आया था। सभी लोग नदी के अंदर घुसकर नहा रहे थे। उसी समय अचानक पानी का बहाव तेज होने से वे बहने लगे।

दो युवकों को आसपास के लोगों ने पकड़ लिया लेकिन तीसरे को नहीं बचा पाए और वह पानी के तेज बहाव में क्योंटी प्रपात में गिर गया। घटना से हड़कंप की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। अंधेरा होने की वजह से रेसक्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाया।


 बताया गया है कि सोमवार को सुबह गोताखोरों की टीम स्पाट में पहुंची। टीम को जलप्रपात के नीचे उतरना पड़ा। पत्थरों के बीच युवक की लाश फंसी हुई थी जिसको बाहर निकाला गया। बाद में उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही उसके घर वाले भी स्पॉट में पहुंच गए। युवक एयरफोर्स का जवान था और प्रयागराज में रहता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है। घर वालों ने बताया कि कुछ दोस्त पिकनिक मनाने के उद्देश्य से घर से निकले थे और नहाते समय उनका बच्चा पानी में डूब गया था। टीआई अवनीश पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया गया है। जांच के उपरांत घटना के वास्तविक कारण पता चल पाएंगे।


Keoti में असुरक्षित तरीके से नहाते हैं पर्यटक
क्योंटी जलप्रपात में पर्यटक असुरक्षित ढंग से नहाते है। संडे के दिन यहां पर कई सैलानी घूमने के लिए आते है। इनमें सबसे ज्यादा प्रयागराज के होते है जो यहां पर शराब पीते है और फिर नशे की हालत में नहाने चले जाते है जिनके हादसे का शिकार होने की संभावना ज्यादा रहती है। यहां पर सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं है जिससे लोग हर साल यहां पर हादसे का शिकार होते है।