Rewa News: हाइवे में बेकाबू हाइवा से कुचलकर युवक की मौत, घर वालों ने किया चक्का जाम

चाकघाट पुलिस स्पाट में पहुंची, घटना को जांच में लिया

 

रीवा। बीती रात मोटर साइकिल सवार युवकों को हाइवा चालक  ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दी। एक युवक पहियों के नीचे आ गया जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। सूचना पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई और लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। घर वालों ने आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद हाइवे में चक्का जाम कर दिया। वे युवक की हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है। 


बताया गया है कि हाइवे में बेकाबू हाइवा से कुचलकर युवक की मौत हो गई। अभिषेक सिंह भदौरिया निवासी आमिलकोनी थाना चाकघाट एक दिन पहले अपने दोस्त के साथ मोटर साइकिल से रीवा गया हुआ था। वहां से अपना काम पूरा करने के उपरांत वे लोग बीती रात वापस अपने घर लौट आए। 


चाकघाट पहुंचने पर उनको रांग साइड से आ रहे एक हाइवा चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दी जिसकी वजह से अभिषेक भदौरिया की स्पाट में मौत हो गई। उसके साथ बैठ युवक जख्मी हो गया था। आसपास के लोगों ने हादसा देखकर पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौका मुआयना करने स्पाट में पहुंच गई और लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।


बताया गया है कि पुलिस ने आज सुबह लाश का पोस्टमार्टम करवाकर उसे घर वालों को सौंप दिया। घर वाले लाश लेकर हाइवे में पहुंचे और चक्का जाम कर दिया। जाम की सूचना पर तुरंत पुलिस स्पाट में पहुंची और घर वालों से उनकी समस्या पूंछी। घर वालों ने युवक की हत्या का सनसनीखेज आरोप उसके दोस्त पर लगाया है। 


उनका कहना था कि दोस्त ने उसको धक्का देकर ट्रक के नीचे फेंक दिया था जिसकी वजह से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने घर वालों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है।


दूसरी बार हुआ लाश का पोस्टमार्टम
युवक का एक बार सुबह पोस्टमार्टम हो चुका था लेकिन घर वाले उससे संतुष्ट नहीं थे और सीनियर डाक्टर से लाश का पोस्टमार्टम करवाने की मांग कर रहे थे। घर वालों की मांग के आधार पर पुलिस ने लाश को दुबारा पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इस बार सीनियर डाक्टरों की टीम ने लाश का पोस्टमार्टम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के उपरांत मौत के कारणों का पता चल पाएगा।


घटना के बाद फरार हो गया था साथी
घर वाले युवक के साथी पर हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। जिस समय घटना हुई थी उस समय साथी भी था लेकिन उसने परिजनों या पुलिस किसी को फोन नहीं किया और स्पाट से फरार हो गया जिसकी वजह से घर वालों ने उस पर हत्या करने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस ने घर वालों को उस युवक की भूमिका का भी पता लगाने का आश्वासन दिया है।


इनका कहना है-
बीती रात एक हाइवा की ठोकर से मोटर साइकिल सवार युवक की मौत हो गई थी। घर वाले उसकी हत्या करने का संदेह व्यक्त कर रहे थे। मर्ग कायम कर घटना को विवेचना में लिया है। युवक की लाश का अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है।
-मनस्वी शर्मा, एसडीओपी त्योंथर