Rewa News: रीवा में 500 वाहनों के साथ निकलेगी भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा

श्रीराम दरबार के साथ तैयारी में जुटे शहरवासी, आधा सैकड़ा से ज्यादा स्थानों में किया जाएगा स्वागत

 

प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरे होने पर पंचमठधाम में होगा मुख्य कार्यक्रम 

रीवा। पंचमठधाम में बीहर गंगा आरती और अयोध्या में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के तिथि अनुसार एक वर्ष पूर्ण होने पर दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन रीवा में किया जा रहा है। इसके उपलक्ष्य में 10 जनवरी को श्रीराम की भव्य शोभा यात्रा निकाली जायेगी। वहीं 11 जनवरी को पचमठा धाम में हनुमान चालीसा व सुंदरकांड के साथ भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारी श्री राम दरबार आर्यवर्त समिति ने शुरू कर दी है। इस आयोजन में शहरवासियों का काफी उत्साह देखा जा रहा है। 


इस संबंध में गत दिवस पंचमठधाम में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान श्रीराम दरबार समिति के प्रो. उत्तम द्विवेदी, पार्षद सतीष सिंह, प्रदीप मिश्रा, आकाश मिश्रा, बृजेन्द्र तिवारी, विजय तिवारी ने संयुक्त रूप से दी जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा का शहर में आधा सैकड़ा से अधिक स्थानों में भव्य तरीके से स्वागत किया जायेगा जिसकी तैयारी अभी से शहरवासियों ने शुरू कर दिया है। 


खेमसागर से शुरू होगी शोभा यात्रा 
बताया गया है कि 10 जनवरी की दोपहर श्रीराम की भव्य शोभा यात्रा खेमसागर मंदिर से प्रारंभ होगी। जिसमें करीब 500 वाहनों का काफिला होगा। इसमें श्रीराम व उनकी वानर सेना की सजीव झाकी रहेगी। यात्रा खेमसागर मंदिर से शुरू होकर पीटीएस चौराहा, नया बस स्टैंड, कॉलेज चौराहा स्थित एनसीसी ग्राउंड पहुंचेगी। 


जहां सभी वाहनों को खड़ा कर दिया जायेगा। इसके बाद सभी भक्त पैदल शोभा यात्रा में शामिल होंगे। यहां से यात्रा शिल्पी प्लाजा, प्रकाश चौराहा, व्यंकट मार्ग, बाबाघाट होते हुये पचमठा पहुंचेगी। जहां भंडारे के प्रसाद के साथ यात्रा का समापन किया जायेगा। इस दौरान कॉलेज चौराहा में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल शोभा यात्रा का स्वागत करेंगे और यात्रा में शामिल होंगे। 


शामिल होंगे जगतगुरु वल्लभाचार्य महाराज व संतगण 
श्रीराम की शोभा यात्रा में जगतगुरु वल्लभाचार्य महाराज भी शामिल होंगे। जिसकी अनुमति उनके द्वारा दी गई है। इसके अलावा आधा सैकड़ा से अधिक जाने माने साधु-संतों को भी आमंत्रित किया गया है। जिनके पहुंचने की संभावना है। जिसकी व्यवस्था समिति के द्वारा की जा रही है। समिति के सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंप दिया गया है। 


भगवाधारी बच्चे करेंगे हनुमान चालीसा का पाठ 
बताया गया है कि 11 जनवरी को पचमठा धाम में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसकी शुरुआत छोटे-छोट बच्चों द्वारा हनुमान चालीसा पाठ से करेंगे। यह सभी बच्चे भगवा वस्त्र में नजर आयेंगे। इसके बाद सुंदरकांड का पाठ किया जायेगा। तत्पश्चात एक वर्ष के अंतराल में बीहर गंगा आरती के जो भी यजमान रहे हैं, उनका सम्मान समिति द्वारा किया जायेगा। 6 बजे शाम से 7 बजे तक आरती की जायेगी। इसके बाद भंडारा का आयोजन किया जायेगा जिसमें 10 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है।