Rewa News: रीवा के विजडम वैली स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

विद्यार्थियों ने किया आकर्षक परेड प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लगाया चार चांद 

 

रीवा। द्वारिका नगर स्थित विजडम वैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं नव-नियुक्त अकादमिक डायरेक्टर प्रतिष्ठा चौहान सेंगर द्वारा प्रबंध निदेशक अभ्युदय सिंह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन रणवीर सिंह एवं सुधा सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद छात्रों ने मानव पिरामिड बनाकर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण  'ऑपरेशन सिंदूर' विषय पर आधारित देशभक्ति नृत्य रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

 


कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या मयारानी सिंह ने अपना संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।