Rewa News: रीवा आईजी गौरव राजपूत के मागदर्शन में 54 नाबालिग हुए बरामद
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का किया गया निराकरण, पुलिस मुख्यालय के आदेश पर चलाया गया था अभियान
रीवा। घर से नाराज होकर गए नाबालिग किशोर व किशोरियों को बरामद करने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान में नाबालिगों की दस्तयाबी कर उनको घर वालों को सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का भी निराकरण किया गया है।
बताया गया है कि पुलिस ने अभियान चलाकर नाबालिगों को दस्तयाब किया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल ने 4 अप्रैल से विशेष अभियान चलाने का आदेश जारी किया था। उक्त आदेश के पालन हेतु आईजी गौरव राजपूत ने सभी जिलों को आदेशित किया था और अधिक से अधिक नाबालिगों की दस्तयाबी और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण करने के लिए आदेशित किया था।
आईजी के आदेश पर सभी जिलों में अभियान चलाया गया। इस अभियान में 54 नाबालिग लड़के और लड़कियों की दस्तयाबी रीवा संभाग में हुई है जो घर वालों से नाराज होकर चले गए थे और उनके अपहरण के प्रकरण थाने में कायम थे।
बताया गया है कि पुलिस ने अलग-अलग शहरों से इन बच्चों को दस्तयाब किया है। बच्चों को सकुशल पुलिस लेकर थाने आई और उनके बयान उपरांत घर वालों को सौंप दिया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों को ढंूढकर पुलिस ने घर वालों के चेहरों में मुस्कान लौटाई है। पुलिस अभी भी इस अभियान में नाबालिगों को दस्तयाब करने का प्रयास कर रही है।
शिकायतों का भी किया गया निराकरण
इस अभियान में पुलिस को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण भी करना था। पुलिस ने सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण करने के लिए अभियान चलाया। जिन लोगों ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी उनसे बातचीत की और उनकी जो समस्या थी उसको दूर करके शिकायतों को बंद कराया।
पुलिस ने अभियान में 1916 शिकायतों को बंद कराया है। इसमें रीवा 399, सतना 360, सीधी 435, सिंगरौली 281, मऊगंज 243, मैहर 198 शिकायतें दूर की गई है। इसके साथ ही अभियान में लगातार सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण किया गया है।
इनका कहना है-
नाबालिग बच्चों की दस्तयाबी और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण करने हेतु अभियान चलाया गया था। अभियान में सभी जिलों ने अच्छा काम किया है। 54 नाबालिगों की दस्तयाबी हुई है और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का भी निराकरण किया गया है।
-गौरव राजपूत, आईजी-रीवा