Mauganj News: मऊगंज में पुलिस अधीक्षक की मासिक क्राइम मीटिंग हुई आयोजित
अपराध नियंत्रण व बाल सुरक्षा पर थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
मऊगंज। मऊगंज कंट्रोल रुम में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने थाना प्रभारियों की मासिक बैठक लेकर अपराधों की समीक्षा की है। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों की समीक्षा की गई और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एएसपी विक्रम सिंह एवं सची पाठक सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने बैठक के दौरान जिले में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए तथा गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जि मेदारी है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विशेष रूप से बाल कल्याण समिति से जुड़े मामलों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि नाबालिग बच्चों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए। बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी थाना प्रभारी इस दिशा में विशेष सतर्कता बरतें।
विशेष अभियानों, गुमशुदा बच्चों की तलाश, महिला सुरक्षा, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी रणनीति बनाई गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।