Mauganj News: विधायक प्रदीप पटेल को फोन कर दी जान से मारने की धमकी

मऊगंज थाने में दर्ज हुआ प्रकरण, लगातार सुर्खियां है मऊगंज विधाायक

 

रीवा। कथित मूसा गैंग की धमकी से डरकर मऊगंज छोड़कर भागे विधायक को भोपाल में धमकियां मिल रही है। विधायक का एक आडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। विधायक को किसी अज्ञात आरोपी ने फोन कर मोबाइल में अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है जिस पर पुलिस ने आपराधिक प्रकरण कायम कर पूरे मामले को जांच में लिया है। 


बताया गया है कि मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल को किसी ने धमकी दी है। विधायक मऊगंज जमीनी विवाद के दौरान हुए झगड़े के बाद मूसा गैंग से जान का खतरा बताए थे और फिर भोपाल जाने के बाद भूमिगत हो गए। एक माह से लापता विधायक कुछ दिन पूर्व ही सामने आए है। भोपाल में किसी गुप्त स्थान में अभी तक वे रह रहे थे जिनके बारे में किसी को जानकारी नहीं थी। गत दिवस विधायक सामने आए है जिसके उपरांत उनको किसी ने फोन कर मोबाइल में जान  से मारने की धमकी दी है। 


आरोपी ने विधायक से काफी देर तक बातचीत की और मूसा गैंग बताकर उनके साथ अश्लील गाली-गलौज कर रहा था। बताया गया है कि विधायक ने उससे बातचीत का आडियो और शिकायती आवेदन मऊगंज थाने में भिजवाया था जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है। 


पुलिस ने पूरे मामले को जांच में लिया है। जिस आरोपी ने उनको धमकी दी थी उसके संबंध में साइबर सेल की मदद से जानकारी जुटाई जा रही है। उनको धमकाने वाले आरोपी की पुलिस सरगर्मी से तलाश में लग गई है।


5 जनवरी से गायब हैं विधायक
मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल का 3 जनवरी को मऊगंज बाईपास के किनारे स्थित जमीन पर विवाद हुआ था। दो पक्षों के बीच विवादित जमीन पर विधायक विनोद मिश्रा की ओर से गए थे जिस पर दूसरे पक्ष ने वहां पर हंगामा किया और विधायक पर हमला करने का प्रयास किया जिस पर पुलिस ने उनको भीड़ से निकाला था। 


पांच जनवरी को विधायक ने मऊगंज में आखिरी इंटरव्यू दिया था और मूसा गैंग से जान का खतरा बताकर भोपाल चले गए थे। वहां पर भी उन्होंने शासकीय आवास और गनमैन को छोड़ दिया था और किसी गुप्त स्थान पर चले गए थे। कुछ दिन पूर्व ही विधायक मीडिया के सामने आए है।


इनका कहना है-
विधायक को किसी ने मोबाइल पर फोन कर गाली-गलौज करते हुए धमकियां दी थी। इस संबंध में एक शिकायती पत्र थाने को मिला था जिस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण कायम कर पूरे मामले को जांच में लिया गया है। आरोपी की साइबर की मदद से तलाश चल रही है।
-सची पाठक, एसडीओपी मऊगंज